JNAC की समीक्षा बैठक में मानसून तैयारी और विकास योजनाओं पर जोर

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

जमशेदपुर, 11 जून : जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (JNAC) कार्यालय में बुधवार को उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के शाखा प्रभारी एवं संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य मानसून पूर्व तैयारियों की समीक्षा, नागरिक सुविधा योजनाओं की प्रगति तथा 15वें वित्त आयोग के तहत स्वीकृत परियोजनाओं की अद्यतन स्थिति पर विचार-विमर्श करना था।

बैठक में उप नगर आयुक्त ने जलापूर्ति व्यवस्था, सड़क मरम्मत, स्ट्रीट लाइट की उपलब्धता, सार्वजनिक शौचालयों की सफाई एवं रखरखाव जैसी मूलभूत नागरिक सेवाओं की गहन समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि सभी कार्य तय समयसीमा में पूर्ण हों और फील्ड निरीक्षण के माध्यम से प्रगति की नियमित निगरानी की जाए।

15वें वित्त आयोग के अंतर्गत संचालित योजनाओं की समीक्षा करते हुए उप नगर आयुक्त ने बताया कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, वर्षा जल संचयन, हरित क्षेत्र विकास और डिजिटल ट्रैकिंग सिस्टम जैसी योजनाओं पर कार्य तेजी से जारी है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्यों की गुणवत्ता में कोई समझौता न हो और परियोजनाएं निर्धारित समय के भीतर पूरी की जाएं।

मानसून को देखते हुए उप नगर आयुक्त ने सभी प्रमुख नालों की जल्द से जल्द सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया ताकि जलजमाव की समस्या से बचा जा सके। साथ ही डेंगू व मलेरिया जैसे मौसमी रोगों से निपटने के लिए क्षेत्रवार फॉगिंग और व्यापक स्वच्छता अभियान चलाने की भी योजना बनाई गई है।

बैठक के अंत में उप नगर आयुक्त ने सभी विभागीय अधिकारियों को समन्वय स्थापित कर योजनाओं को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Share This Article