उपायुक्त नें 15 महिलाओं के बीच वितरीत किया सिलाई मशीन

सरायकेला, 23 सितंबर : सरायकेला स्थित समाहरणालय सभा कक्ष में मंगलवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह ने 15 महिलाओं के बीच प्रतीकात्मक रूप से सिलाई मशीनों का वितरण किया। विशेष केंद्रीय सहायता योजना के अंतर्गत महिलाओं की आय में वृद्धि एवं सशक्तिकरण के उद्देश्य से सिलाई मशीनों का वितरण किया गया। इसके अलावा जिले के विभिन्न प्रखंडों में 50 सिलाई मशीनों का वितरण किया गया। योजना के तहत जिले की 136 चयनित महिलाओं को सिलाई मशीन उपलब्ध कराई जानी है, जिसके लिए लाभुकों का चयन किया जा चुका है।
इस अवसर पर उपायुक्त ने लाभुक महिलाओं से संवाद कर उनसे मशीन के सदुपयोग से संबंधित गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की एवं आय वृद्धि व सशक्तिकरण हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश किए। उन्होंने कहा कि नारी सशक्तिकरण की दिशा में जिला प्रशासन निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने लाभुकों से अपील की कि वे इन मशीनों का बेहतर उपयोग कर स्वयं की आय में वृद्धि करें तथा अन्य महिलाओं को भी सरकारी योजनाओं से लाभान्वित होकर आत्मनिर्भर बनने हेतु प्रेरित करें, ताकि परिवार एवं समाज के सर्वांगीण विकास में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित हो सके।



