हरे लाल महतो के नेतृत्व में हेंसालौंग में रुकी बड़काकाना लोकल, कुड़मी समाज का रेल टेका आंदोलन
चांडिल, 20 सितंबर : आदिवासी कुड़मी समाज द्वारा झारखंड, पश्चिम बंगाल एवं ओड़िशा में घोषित अनिश्चितकालीन रेल टेका–डहर छेका आंदोलन के तहत शनिवार को विभिन्न स्थानों पर रेल रोको कार्यक्रम किया गया। चांडिल अनुमंडल में कई रेलवे स्टेशनों पर आंदोलन की योजना थी, लेकिन हकीकत में केवल हेंसालौंग स्टेशन के समीप ही प्रदर्शन प्रभावी रहा।
आजसू पार्टी के केंद्रीय महासचिव हरे लाल महतो के नेतृत्व में नीमडीह थाना क्षेत्र स्थित हेंसालौंग में कुड़मी समाज के लोग रेल लाइन पर उतर गए और बड़काकाना लोकल ट्रेन को रोक दिया। इससे रेल परिचालन बाधित हुआ और कई ट्रेनें निर्धारित समय पर गंतव्य तक नहीं पहुँच सकीं।
प्रशासन की ओर से आंदोलन की पूर्व आशंका को देखते हुए हेंसालौंग सहित कई रेलवे स्टेशनों पर धारा-144 लागू कर दी गई थी। इसके बावजूद प्रदर्शनकारियों ने स्टेशन से लगभग एक किलोमीटर दूर रेल लाइन के पास आंदोलन शुरू कर दिया।
नीमडीह पुलिस एवं रेलवे सुरक्षा बल मौके पर मौजूद हैं। कई बार प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने और आंदोलन समाप्त करने का प्रयास किया, लेकिन अब तक कोई सफलता नहीं मिली है।
रेल टेका आंदोलन के कारण आम यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी और कई ट्रेनों की समय सारिणी प्रभावित रही।