चांडिल अनुमंडल सहित सरायकेला-खरसावां जिले में धूमधाम से मनाई गई विश्वकर्मा पूजा

Manbhum Updates
2 Min Read

चांडिल अनुमंडल सहित सरायकेला-खरसावां जिले में धूमधाम से मनाई गई विश्वकर्मा पूजा

 

सरायकेला/चांडिल, 17 सितंबर : जिले के चांडिल अनुमंडल सहित विभिन्न क्षेत्रों में विश्वकर्मा पूजा पूरे श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई। श्रद्धालुओं ने औद्योगिक प्रतिष्ठानों, कारखानों, कार्यशालाओं और घरों में विधि-विधान से भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना की।

सुबह से ही पूजा स्थलों पर श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिली। विशेष रूप से चांडिल, सरायकेला, आदित्यपुर और गम्हरिया औद्योगिक क्षेत्रों के कारखानों व वर्कशॉपों में पूजा का व्यापक आयोजन किया गया। भगवान विश्वकर्मा को औजारों और मशीनों के साथ सजाकर स्थापित किया गया। पूजा संपन्न होने के पश्चात भजन-कीर्तन एवं प्रसाद वितरण प्रारंभ किया गया है। वहीं, शाम को कई जगहों पर सांस्कृतिक एवं रंगारंग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है।

आदित्यपुर इंडस्ट्रियल एरिया स्थित कई कंपनियों में कर्मचारियों और प्रबंधन ने संयुक्त रूप से पूजा में भाग लिया और मशीनों की सुरक्षा तथा उद्योगों की प्रगति की कामना की। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में भी घर-घर और छोटे-छोटे गैरेज, मोटर मैकेनिक्स की दुकानों से लेकर बढ़ई, सुनार और लोहार समुदायों ने पारंपरिक श्रद्धा के साथ भगवान विश्वकर्मा की पूजा की।

पूजा के अवसर पर जगह-जगह सामूहिक भंडारा का आयोजन किया गया जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

जिला प्रशासन द्वारा पूजा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने हेतु सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था की गई थी। पूजा पंडालों और औद्योगिक क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती रही, जिससे श्रद्धालुओं ने बिना किसी बाधा के पर्व मनाया।

स्थानीय लोगों का कहना था कि विश्वकर्मा पूजा न केवल श्रम और कौशल का उत्सव है, बल्कि यह सामूहिक एकजुटता और सामाजिक सौहार्द का प्रतीक भी है।

Share This Article