चांडिल में शराब दुकान विरोध पर प्रशासन की पहल नाकाम, उत्पाद अधीक्षक की वार्ता विफल
चांडिल, 11 सितंबर : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल डैम रोड स्थित अनुज्ञप्ति सरकारी शराब दुकान का स्थानांतरण कराने की मांग को लेकर जारी विरोध थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार को जिला प्रशासन के निर्देश पर जिला उत्पाद अधीक्षक सौरभ तिवारी चांडिल पहुंचे और रुचाप पंचायत के नागरिकों से बातचीत की।
वार्ता के दौरान ग्रामीणों ने शराब दुकान के संचालन से हो रही परेशानियों को विस्तार से रखा और स्पष्ट शब्दों में कहा कि वर्तमान स्थान से दुकान को तुरंत हटाया जाए। नागरिकों का कहना था कि इस दुकान के कारण इलाके का माहौल खराब हो रहा है और युवा वर्ग खास तौर पर प्रभावित हो रहा है।
उत्पाद अधीक्षक ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास करते हुए कहा कि यह सरकारी दुकान है, नियमों के तहत नीलामी की गई है और इससे सरकार को राजस्व प्राप्त होता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि शराब दुकान से उत्पन्न होने वाली समस्याओं को दूर करने के उपाय किए जाएंगे।
लेकिन ग्रामीणों ने उनकी सभी दलीलों को खारिज करते हुए साफ चेतावनी दी कि जब तक दुकान को दूसरे स्थान पर स्थानांतरित नहीं किया जाता, तब तक वे हर दिन शराब दुकान के सामने धरना प्रदर्शन करेंगे।
इस तरह उत्पाद अधीक्षक और ग्रामीणों के बीच हुई वार्ता किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी और विरोध जारी रखने का ग्रामीणों ने ऐलान कर दिया।