दुष्कर्म पीड़िता और उनके परिजनों से मिले सामाजिक कार्यकर्ता

जमशेदपुर, 09 सितंबर : दलमा तराई क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म की घटना से पूरा इलाका स्तब्ध है। इस अमानवीय कृत्य की निंदा करते हुए सामाजिक कार्यकर्त्ता दीपक रंजीत एवं आदिम जनजाति समुदाय के नेता सुखलाल पहाड़िया के नेतृत्व में सबर समुदाय के लोग मंगलवार को अस्पताल पहुंचकर पीड़िता व उसके परिजनों से मुलाकात की। पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया और उन्हें हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर दीपक रंजीत ने कहा कि यह केवल एक बच्ची के साथ हुई दरिंदगी नहीं है, बल्कि विलुप्त होती आदिम जनजातियों के अस्तित्व पर हमला है। पीड़िता को न्याय दिलाना और उसके परिवार को सुरक्षा एवं सहयोग उपलब्ध कराना हमारी नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यह गंभीर चिंता का विषय है।
वहीं सुखलाल पहाड़िया ने प्रशासन से मांग किया कि दोषियों पर ऐसी कार्रवाई हो जिससे भविष्य में कोई भी इस तरह की घिनौनी हरकत करने की हिम्मत न कर सके। सुखलाल पहाड़िया ने चाइल्ड लाइन टीम एवं चांडिल थाना पुलिस को त्वरित कार्रवाई के लिए धन्यवाद दिया है। उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि इस जघन्य अपराध में पीड़िता को शीघ्र न्याय दिलाया जाए।


