चांडिल : दलमा तराई क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म – पीड़िता के बयान पर एफआईआर दर्ज, दो आरोपी गिरफ्तार

Manbhum Updates
2 Min Read

चांडिल : दलमा तराई क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म – पीड़िता के बयान पर एफआईआर दर्ज, दो आरोपी गिरफ्तार

चांडिल, 09 सितंबर : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत दलमा तराई इलाके से सामने आए नाबालिग से दुष्कर्म के मामले की एक तरह से पुष्टि हो गई है। पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर एफआईआर दर्ज कर दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया है।

सोमवार को ग्रामीणों को जंगल से नाबालिग लड़कियों की चीखने की आवाज सुनाई दी। बताया गया कि दो युवकों ने दो नाबालिग लड़कियों को जबरन पकड़ लिया था। इनमें से एक लड़की किसी तरह छूटकर गांव पहुंची और शोर मचाया। ग्रामीण जब मौके पर पहुंचे तो दूसरी लड़की बेहोश हालत में मिली।

ग्रामीणों को देख दोनों आरोपी भागने लगे, लेकिन लोगों ने पीछा कर एक युवक को पकड़ लिया और उसकी बाइक भी जब्त कर ली। घटना की सूचना चांडिल पुलिस को दी गई। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और पीड़िता को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। हालांकि उस समय तक पीड़िता बेहोश होने के कारण बयान नहीं दे पाई थी।

मंगलवार को पीड़िता को होश आने के बाद उसका बयान दर्ज किया गया। बयान में उसने बताया कि उसके साथ दुष्कर्म हुआ, जबकि दूसरी नाबालिग छेड़खानी का शिकार हुई। इसके आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर खगेन मार्डी और हरिपद मार्डी को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपी चांडिल थाना क्षेत्र के चिलगु पंचायत का निवासी हैं।

चांडिल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने स्वयं घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों का मुआयना किया तथा ग्रामीणों से भी जानकारी ली। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

ग्रामीणों का कहना है कि अब जब आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, तो पीड़ित परिवार को न्याय मिलने की उम्मीद जगी है।

Share This Article