बाइक के धक्के से वृद्ध की मौत, बाइक चालक घायल

चांडिल, 09 सितंबर : टाटा रांची राष्ट्रीय राजमार्ग 33 पर चौका थाना क्षेत्र के जांता गांव के समीप मंगलवार की सुबह हुई सड़क दुर्घटना में एक वृद्ध की मृत्यु हो गई। मृतक की पहचान जांता गांव के ही रहने वाले 75 वर्षीय शंकर महतो के रूप में की गई है। घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार रांची की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने सड़क पार कर रहे शंकर महतो को जोरदार धक्का मार दिया। बाइक के धक्के से शंकर महतो गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने चौका थाना की पुलिस को इसकी जानकारी दी। सूचना पाकर पुलिस गश्ती वाहन मौके पर पहुंची और बाइक सवार घायल और वृद्ध शंकर महतो को अनुमंडलीय अस्पताल चांडिल पहुंचाया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद शंकर महतो को मृत घोषित कर दिया। जबकि बाइक चालक सहदेव गोप की गंभीर स्थिति को देखते हुए एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि बाइक सवार 20 वर्षीय सहदेव गोप ईचागढ़ थाना क्षेत्र के उदल, बांदु गांव का रहने वाला हैं। इस संबंध में बांदु पंचायत के मुखिया ठाकुरदास माझी ने बताया कि बाइक चालक घायल सहदेव गोप अपने ननिहाल चौका थाना अंतर्गत उरमाल में रहता है। वह गम्हरिया के किसी कंपनी में काम करता है। बताया गया कि सहदेव गोप मंगलवार की सुबह अपने बाइक से ड्यूटी करने गम्हरिया जा रहा था। इसी दौरान जांता गांव के पास यह दुर्घटना घटी।



