दलमा तराई क्षेत्र में नाबालिग के साथ दुष्कर्म की आशंका, एक युवक पकड़ा गया

Manbhum Updates
2 Min Read

दलमा तराई क्षेत्र में नाबालिग के साथ दुष्कर्म की आशंका, एक युवक पकड़ा गया

चांडिल, 08 सितंबर : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत दलमा तराई इलाके से नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म की आशंका का मामला सामने आया है। फिलहाल इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है, क्योंकि पीड़िता बेहोशी की हालत में अस्पताल में भर्ती है।

ग्रामीणों के अनुसार, जंगल से एक नाबालिग लड़की की चीखने की आवाज सुनाई दी। बताया गया कि दो युवकों ने दो नाबालिग लड़कियों को जबरन पकड़ लिया था। इनमें से एक लड़की किसी तरह उनके चंगुल से छूटकर गांव पहुंची और शोर मचाकर ग्रामीणों को जानकारी दी।

इसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो देखा कि दूसरी लड़की बेहोश है। उधर, ग्रामीणों को आता देख दोनों युवक भागने लगे। लोगों ने पीछा कर एक युवक को पकड़ लिया और मौके से एक बाइक भी बरामद की। इसके बाद घटना की सूचना तुरंत चांडिल पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और युवक से पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, पीड़िता को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस पीड़िता का बयान दर्ज करने की तैयारी में है।

हालांकि अब तक पूरे मामले की पुष्टि नहीं हो पाई है, क्योंकि पीड़िता की स्थिति नाजुक है और परिजनों द्वारा लिखित शिकायत भी दर्ज नहीं कराई गई है। ग्रामीणों का कहना है कि पीड़िता के स्वस्थ होने के बाद ही सच्चाई स्पष्ट हो पाएगी।

Share This Article