बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़ : नीमडीह पुलिस ने बरामद की छह चोरी की मोटरसाइकिल, एक गिरफ्तार

Manbhum Updates
2 Min Read

बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़ : नीमडीह पुलिस ने बरामद की छह चोरी की मोटरसाइकिल, दो गिरफ्तार

सरायकेला/नीमडीह, 06 सितंबर : जिले के नीमडीह थाना पुलिस ने लगातार हो रही बाइक चोरी की घटनाओं का पर्दाफाश करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने छापामारी अभियान चलाकर छह चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की हैं। इस दौरान एक युवक गिरफ्तार और एक नाबालिग को निरुद्ध किया गया है।

शनिवार को पुलिस मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने जानकारी दी कि 13 और 22 अगस्त को नीमडीह थाना क्षेत्र से दो मोटरसाइकिल चोरी हुई थी। दोनों ही मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। जांच के क्रम में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, चांडिल अरविंद कुमार बिन्हा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। इसी दौरान पुलिस ने चांडिल थाना क्षेत्र के फदलोगोड़ा निवासी राजेश कोडेक्या (19) को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर एक नाबालिग सहयोगी को भी निरुद्ध किया गया।

पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी गिरोह जमशेदपुर और सरायकेला-खरसावां के विभिन्न इलाकों से मोटरसाइकिल की चोरी कर उन्हें 10 से 15 हजार रुपये में बेच देता था। ग्राहकों को झांसा देने के लिए वाहन के कागजात बाद में उपलब्ध कराने की बात कही जाती थी। पुलिस ने आरोपियों के पास से छह चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की हैं। खास बात यह है कि सभी गाड़ियां हीरो कंपनी की हैं। इनमें से कुछ बाइकें जमशेदपुर से चोरी की गई थीं।

इस कार्रवाई में नीमडीह थाना प्रभारी संतन कुमार तिवारी, कपाली ओपी प्रभारी, सुनील कुमार, गंगा शरण मुंडा, नितिन कुमार, टाइगर मोबाइल और रिजर्व गार्ड की टीम शामिल रही।

एसपी मुकेश लुणायत ने स्पष्ट किया कि जिले में चोरी समेत किसी भी आपराधिक गतिविधि को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है और आगे भी अपराध पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए सक्रिय रहेगी।

Share This Article