कुकड़ू के पारगामा में इंद मेला का विधायक सविता महतो ने किया उद्घाटन, हुंडरु पाथरडीह में करम महोत्सव में हुईं शामिल

नीमडीह, 04 सितंबर : करम पर्व के अवसर पर कुकड़ू प्रखंड के पारगामा में झारखंडी इंद मेला कमेटी द्वारा भव्य इंद मेला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ईचागढ़ की विधायक सह युवा कल्याण, कला, संस्कृति एवं खेलकूद समिति की सभापति सविता महतो ने फीता काटकर किया।

मंच पर विधायक का कमेटी के पदाधिकारियों द्वारा फूलों का गुच्छा और अंगवस्त्र देकर स्वागत किया गया। मौके पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में झूमर नृत्य और डांस प्रोग्राम ने दर्शकों का मन मोह लिया। विशेष प्रस्तुति पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के जंगलमहल महिला झूमर दल और जमशेदपुर के रघु एवं माही डांस ग्रुप ने दी।

विधायक सविता महतो ने अपने संबोधन में कहा –
“हमारी संस्कृति और परंपरा हमारी असली पहचान है। इसे बचाए रखना और आने वाली पीढ़ियों तक पहुँचाना हम सबकी जिम्मेदारी है। करम पर्व प्रकृति और भाई-बहन के अटूट रिश्ते का प्रतीक है। इस पर्व से हमें सामूहिकता, भाईचारा और प्रकृति के प्रति सम्मान की प्रेरणा मिलती है।”
उन्होंने युवा पीढ़ी से अपील की कि वे इस तरह के सांस्कृतिक आयोजनों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें ताकि परंपरागत लोक संस्कृति जीवित रह सके। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार की ओर से ग्रामीण संस्कृति और खेलकूद को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाएँ चलाई जा रही हैं, जिनका लाभ लोगों तक पहुँचाने का प्रयास लगातार किया जाएगा।
इंद मेला के बाद विधायक सविता महतो नीमडीह प्रखंड के हुंडरु पाथरडीह में आयोजित करम महोत्सव में भी शामिल हुईं। यहाँ उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात कर पर्व की शुभकामनाएँ दीं और कहा कि करम पूजा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि यह सामाजिक एकता और भाईचारे का पर्व है।
इस मौके पर झामुमो केंद्रीय सदस्य काबलु महतो, जिला सचिव बैद्यनाथ टुडू, नीमडीह प्रखंड अध्यक्ष सचिन गोप, कुकड़ू प्रखंड अध्यक्ष कित्तीवास महतो, इंद्रजीत महतो, सपन महतो, परेश महतो, गोपेश्वर कुम्हार, युधिष्ठिर मांझी, पोद्द सिंह, टिंकू महतो, मंगल मांझी, अनिल मांझी, धरमु गोप, सुदामा हेम्ब्रम समेत कमेटी के सदस्य मौजूद थे। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में ग्रामीण महिला-पुरुष उमड़े और देर रात तक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आनंद उठाया।



