चांडिल : पारंपरिक रीति निभाने माँ और पत्नी के साथ मामा घर आएंगे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन

चांडिल, 30 अगस्त : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शनिवार को अपनी पत्नी विधायक कल्पना सोरेन और माता रूपी सोरेन के साथ चांडिल प्रखंड के कांगलाटांड़ स्थित अपने मामा घर पहुंचेंगे। उनके आगमन को लेकर पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
झारखंडी परंपरा के अनुसार, घर में किसी सदस्य के निधन के बाद श्राद्धकर्म संपन्न होने पर मृतक की पत्नी अपने बच्चों के साथ मायके जाती है और कम से कम एक रात वहीं बिताती है। इसी परंपरा के निर्वाह हेतु दिवंगत झारखंड आंदोलनकारी एवं पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन की पत्नी रूपी सोरेन अपने पुत्र मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और पुत्रवधू विधायक कल्पना सोरेन के साथ मायके आ रही हैं।
मुख्यमंत्री के इस दौरे को लेकर स्थानीय लोगों में भी चर्चा का माहौल है और परंपरा के निर्वाह को लोग झारखंडी संस्कृति की मिसाल बता रहे हैं।



