उच्च शिक्षा को नया आयाम देने की तैयारी : पटमदा डिग्री कॉलेज को मिलेगा बड़ा अनुदान

जमशेदपुर/पटमदा, 26 अगस्त : ग्रामीण क्षेत्र में उच्च शिक्षा की गुणवत्ता को सुदृढ़ करने की दिशा में पटमदा डिग्री कॉलेज, जाल्ला के लिए एक बड़ी राहत की खबर सामने आई है। मंगलवार को कॉलेज प्रतिनिधिमंडल ने राज्य के उच्च शिक्षा मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू से मुलाकात की, जहां कॉलेज को यूजीसी की योजना के तहत पाँच करोड़ रुपये तक के अनुदान का आश्वासन मिला।
मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने कॉलेज के बुनियादी ढांचे के सुदृढ़ीकरण, स्थाई सरकारी अनुदान तथा सर्वांगीण विकास से जुड़ी मांगें मंत्री के समक्ष रखीं। जानकारी के मुताबिक, यूजीसी की उच्च शिक्षा अभियान योजना के अंतर्गत स्थाई संबद्ध और NAAC से ‘बी ग्रेड’ प्राप्त कॉलेज इस अनुदान के पात्र हैं।
जुगसलाई विधायक एवं कॉलेज अध्यक्ष मंगल कालिंदी की पहल पर यह प्रतिनिधिमंडल रांची पहुँचा। इसमें सचिव चंद्रशेखर टुडू, प्रभारी प्राचार्य कृष्णपद महतो, उप प्राचार्य विश्वनाथ महतो और टेक्निकल सेल के विश्वजीत महतो शामिल थे। विधानसभा सत्र के दौरान मंत्री के कार्यालय में हुई इस भेंटवार्ता में विधायक ने स्वयं प्रतिनिधिमंडल का परिचय कराया।
मंत्री ने कॉलेज को शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिया। इस पहल पर कॉलेज परिवार ने मंत्री एवं विधायक के प्रति आभार प्रकट किया है और उम्मीद जताई है कि अनुदान से ग्रामीण छात्रों के लिए बेहतर शैक्षिक माहौल तैयार होगा।



