आकांक्षी प्रखंड योजनाओं की उप विकास आयुक्त ने की समीक्षा

सरायकेला, 26 अगस्त : आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम के तहत संचालित योजनाओं की समीक्षा मंगलवार को उप विकास आयुक्त (डीडीसी) रीना हांसदा ने की। समीक्षा बैठक में सरायकेला, गम्हरिया और कुकड़ू प्रखंड के सभी सूचकांकों पर विस्तृत चर्चा की गई तथा लक्ष्य आधारित कार्ययोजना तैयार की गई।
बैठक में डीडीसी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि योग्य लाभुकों को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का समयबद्ध लाभ सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने कहा कि किसानों की आय वृद्धि, रोजगार सृजन, स्वास्थ्य, शिक्षा और पोषण के क्षेत्र में योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन प्राथमिकता के साथ किया जाए।

बैठक में निर्देश दिए गए कि योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग एवं मूल्यांकन सुनिश्चित किया जाए। जमीनी स्तर पर पारदर्शिता और जन भागीदारी को बढ़ावा दिया जाए। इसके साथ ही योजनाओं की जानकारी लाभुकों तक पहुँचाने के लिए जन-जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। वहीं, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ बनाने हेतु बुनियादी ढाँचे के विकास पर जोर देने, रोजगार सृजन के लिए स्वयं सहायता समूहों और उद्यमशीलता गतिविधियों को प्रोत्साहित करने, पोषण स्तर सुधार के लिए आंगनबाड़ी केंद्रों की कार्यप्रणाली की सघन निगरानी करने का भी निर्देश जारी किया गया है।
डीडीसी ने सभी विभागों को आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम की मूल भावना के अनुरूप योजनाओं को पारदर्शी, परिणामोन्मुख और प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने का निर्देश दिया, ताकि आमजन को शीघ्र एवं प्रत्यक्ष लाभ मिल सके।
बैठक में सिविल सर्जन, जिला पशुपालन पदाधिकारी, संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी, सीडीपीओ, एलएस, आकांक्षी प्रखंड समन्वयक समेत विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।



