जमशेदपुर : पीसी एंड पीएनडीटी एक्ट पर उपायुक्त ने की समीक्षा, सोनोग्राफी केन्द्रों को सख्त निर्देश

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

जमशेदपुर : पीसी एंड पीएनडीटी एक्ट पर उपायुक्त ने की समीक्षा, सोनोग्राफी केन्द्रों को सख्त निर्देश

जमशेदपुर, 23 अगस्त : समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में शनिवार को उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में पीसी एंड पीएनडीटी एक्ट (Pre-Conception & Pre-Natal Diagnostic Techniques Act) के अनुपालन को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिले के पंजीकृत सोनोग्राफी केन्द्रों की कार्यप्रणाली, नियमों के अनुपालन और लंबित आवेदनों पर विस्तार से चर्चा की गई। इसमें नये मशीन/बाय-बैक इंस्टॉलेशन, नये पंजीकरण, डॉक्टरों के नाम जोड़े जाने, केन्द्रों के स्थान परिवर्तन तथा लंबित आवेदनों के निष्पादन पर विशेष विमर्श हुआ। उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने और जिन केन्द्रों ने नवीकरण या नये पंजीकरण के लिए आवेदन किया है, उनका सत्यापन शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने कहा कि पीसी एंड पीएनडीटी एक्ट का मूल उद्देश्य लिंग चयन और भ्रूण लिंग जांच जैसी गैरकानूनी गतिविधियों पर रोक लगाना है। उन्होंने सोनोग्राफी केन्द्रों को स्पष्ट निर्देश दिया कि एक्ट के प्रावधानों का कड़ाई से पालन करें, रजिस्टर और ऑनलाइन एंट्री समय पर करें। लापरवाही पाये जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में यह भी तय हुआ कि पंजीकृत केन्द्रों का नियमित निरीक्षण किया जाएगा और नियम उल्लंघन की शिकायत या संदेह की स्थिति में त्वरित जांच कर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उपायुक्त ने चिकित्सा पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि भ्रूण लिंग जांच पर प्रतिबंध और कन्या भ्रूण हत्या रोकने से संबंधित संदेश आमजन तक पहुंचाने के लिए जागरूकता अभियान को और तेज किया जाए।

बैठक में सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल, एसीएमओ, डीटीओ, डीआरसीएचओ सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Share This Article