राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के पदाधिकारियों ने खूंटी जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के व्यवस्थाओं एवं कार्ययोजनाओं का लिया जायजा

संवाददाता खूंटी, 20 अगस्त : राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, नई दिल्ली के उप सचिव (पीजी एंड एजी) अंबुज बाजपेयी, अवर सचिव (जेनरल) सरोज कुजूर, कंसल्टेंट डॉ. वज़ीम इक़बाल ने बुधवार को खूंटी जिला का दौरा किया। खूंटी जिला आगमन पर उपायुक्त आर. रॉनिटा ने पुष्प गुच्छ भेंट कर उप सचिव समेत अन्य का स्वागत किया। अपने इस दौरे में उप सचिव अंबुज बाजपेयी ने समाहरणालय स्थित सभागार में आपदा प्रबंधन से जुड़े जिला स्तरीय पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में सर्वप्रथम प्रेजेंटेशन के माध्यम से खूंटी जिला की भौगोलिक जानकारी, कुल पंचायतों की संख्या, जन संख्या, नदियां, पर्यटन क्षेत्र, आपदा प्रबंधन से जुड़े कार्य, राहत एवं बचाव कार्य, मुआवजा भुगतान समेत अन्य कार्यों की विस्तृत जानकारी साझा की गई।
राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण से आए पदाधिकारियों एवं कंसल्टेंट द्वारा आपदा प्रबंधन की तैयारियों, जिला स्तर पर आवश्यक व्यवस्थाओं एवं कार्ययोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की। उप सचिव ने कहा कि गृह मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देश पर वह विभिन्न जिलों का दौरा कर रहे है। जिससे राज्य एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के कार्यों को समझकर इसे और बेहतर और प्रभावशाली बनाया जा सके। उप सचिव द्वारा कई आवश्यक दिशा-निर्देश एवं सुझाव दिए गए, जिससे जिले में आपदा प्रबंधन तंत्र को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके। इस दौरान स्कूली बच्चों समेत स्थानीय लोगों को जागरूक करने को लेकर भी आवश्यक सुझाव दिए गए।
बैठक में अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, लाइन डिपार्टमेंट के सभी पदाधिकारी, अंचल अधिकारी सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।



