चांडिल डैम समिति ने दी दिशोम गुरु शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि

चांडिल, 06 अगस्त : झारखंड अलग राज्य आंदोलन के अगुवा, पूर्व मुख्यमंत्री सह राज्य सभा सदस्य दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन के बाद पूरा राज्य मर्माहत है। चारों ओर शोक का माहौल है, जगह-जगह उन्हें श्रद्धांजलि दी जा रही है। कई स्थानों से उन्हें भारत रत्न दिए जाने की मांग की जा रही है। चांडिल अनुमंडल क्षेत्र से दिशोम गुरु शिबू सोरेन का विशेष लगाव था। यह खास लगाव चांडिल क्षेत्र में उनका और उनकी बहन का ससुराल होने के कारण नहीं बल्कि झारखंड अलग राज्य आंदोलन का एक प्रमुख केंद्र रहने के कारण था। यही कारण है कि चांडिल के लोग उनके निधन के बाद शोकाकुल हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन के बाद चांडिल स्वर्णरेखा बांध विस्थापित मत्स्यजीवी सहकारी समिति लिमिटेड चांडिल की ओर से श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान के लिए उपस्थित लोगों ने ईश्वर से कामना की। उपस्थित लोगों ने उनकी तस्वीर पर पुष्प अर्पण कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित किया। मौके पर कहा गया कि देश में जब कभी भी आदिवासियों- मूलवासियों एवं वंचित-पीड़ित समाज के अधिकारों के लिए लड़ने वाले आंदोलनकारियों का जिक्र होगा, तब दिशोम गुरु शिबू सोरेन का नाम प्रमुखता से लिया जाएगा।



