दिशोम गुरु के निधन पर झामुमो नेता गणेश माहली ने व्यक्त किया शोक, कहा – उनकी विरासत सदियों तक रहेगी जीवंत

सरायकेला, 04 अगस्त : झामुमो के वरिष्ठ नेता और सरायकेला विधानसभा क्षेत्र से पूर्व प्रत्याशी गणेश माहली ने झारखंड आंदोलन के अग्रदूत व झामुमो संस्थापक दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि गुरुजी का मार्गदर्शन और स्नेह उनके जीवन की अमूल्य धरोहर है, जिसे वे सदा अपने हृदय में संजोकर रखेंगे।
गणेश माहली ने कहा कि यद्यपि उन्हें दिशोम गुरु को निकट से जानने और समझने का अधिक अवसर नहीं मिला, लेकिन उन्होंने अलग झारखंड राज्य के निर्माण में जो ऐतिहासिक योगदान दिया और आदिवासी समाज के अधिकारों के लिए जो संघर्ष किए, वह पीढ़ियों तक याद किए जाते रहेंगे।
इस शोक की घड़ी में गणेश माहली ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एवं समस्त झामुमो परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि पूरा आदिवासी समाज आज इस अपूरणीय क्षति से आहत है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को चिरशांति प्रदान करें और परिजनों को यह दुःख सहन करने की शक्ति दें।



