कारगिल विजय दिवस पर वीर नारियों का सम्मान, शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि — केरला समाजम ऑडिटोरियम, जमशेदपुर में पूर्व सैनिक सेवा परिषद का आयोजन
जमशेदपुर, 03 अगस्त : पूर्व सैनिक सेवा परिषद, पूर्वी सिंहभूम द्वारा रविवार को केरला समाजम ऑडिटोरियम, गोलमुरी में भव्य कारगिल विजय दिवस समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई एवं वीर नारियों का सम्मान कर उन्हें देश के प्रति उनके बलिदान के लिए धन्यवाद दिया गया।

समारोह के मुख्य अतिथि ब्रिगेडियर रणविजय सिंह थे। कार्यक्रम में ब्रिगेडियर जे.एस. शेखावत, सोनारी यूनिट के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल मानस कुंडू, कोल्हान सैनिक कल्याण पदाधिकारी कर्नल किशोर सिंह, जिला परिषद के उपाध्यक्ष पंकज सिन्हा, विधायक प्रतिनिधि सुबोध श्रीवास्तव, पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष राजकुमार सिंह, भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष दिनेश कुमार, समाजसेवी अविनाश राजा, ब्रह्मानंद अस्पताल के डायरेक्टर ए. धर्मा राव सहित कई गणमान्य लोग शामिल हुए।
सभी अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। संगठन के अध्यक्ष जे डब्लू ओ बृज किशोर सिंह ने विषय प्रवेश किया, जबकि ब्रिगेडियर रणविजय सिंह ने मुख्य संबोधन में कारगिल युद्ध की गौरवगाथा सुनाई।




