अज्ञात वाहन की टक्कर से दो युवक घायल, चौका पुलिस ने पहुंचाकर कराया इलाज

मानभूम अपडेट्स – चांडिल, 02 अगस्त : शनिवार शाम चांडिल अनुमंडल अंतर्गत चौका थाना क्षेत्र के नरसिंह इस्पात लिमिटेड गेट के पास एक सड़क दुर्घटना में दो युवक घायल हो गए। हादसा उस वक्त हुआ जब एक तेज़ रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवारों को पीछे से टक्कर मार दी।
घटना में पातकुम निवासी बुद्धेश्वर महतो और रविंद्र महतो घायल हो गए। बुद्धेश्वर महतो के दाहिने हाथ में और रविंद्र महतो के बाएं पैर में चोट आई है। बाइक पर उनके साथ सवार चिरुगोड़ा निवासी सम्पद महतो को किसी प्रकार की चोट नहीं लगी है।
सूचना मिलते ही चौका थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों को इलाज के लिए चांडिल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। तीनों युवक कांड्रा स्थित नीलांचल कंपनी में कार्यरत हैं और काम खत्म कर अपने घर लौट रहे थे कि यह हादसा हो गया।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और अज्ञात वाहन की पहचान करने का प्रयास जारी है।



