कारगिल विजय दिवस पर वीर नारियों को किया जाएगा सम्मानित

पूर्व सैनिक सेवा परिषद पूर्वी सिंहभूम द्वारा आयोजित कार्यक्रम में देशभक्ति का जज्बा होगा मुख्य आकर्षण
जमशेदपुर, 2 अगस्त : हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी पूर्व सैनिक सेवा परिषद पूर्वी सिंहभूम जिला इकाई द्वारा कारगिल विजय दिवस का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम कल, रविवार 3 अगस्त 2025 को संध्या 6:30 बजे से केरला समाजम स्कूल, गोलमुरी के ऑडिटोरियम में आयोजित होगा।
इस अवसर पर सेना के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, शहर के गणमान्य नागरिक एवं तीनों सेनाओं के सेवानिवृत्त सैनिक परिवार उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति और “ऑपरेशन सिंदूर” पर आधारित नाट्य मंचन विशेष आकर्षण होंगे।
सबसे खास बात यह है कि कार्यक्रम के दौरान शहर की सभी वीर नारियों को सम्मानित किया जाएगा। इस सम्मान समारोह का उद्देश्य न केवल शहीदों के परिजनों को सम्मान देना है, बल्कि युवाओं में देशभक्ति की भावना को और अधिक प्रबल करना भी है।
पूर्व सैनिक सेवा परिषद के पदाधिकारी इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए व्यापक तैयारियों में जुटे हुए हैं। परिषद की ओर से बताया गया कि यह आयोजन न सिर्फ एक श्रद्धांजलि है, बल्कि यह एक प्रेरणा भी है – उन युवाओं के लिए जो देश सेवा का जज्बा रखते हैं।



