बिना नंबर प्लेट के तीन बाइक जब्त, चांडिल पुलिस की एंटी क्राइम चेकिंग से मचा हड़कंप

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

बिना नंबर प्लेट के तीन बाइक जब्त, चांडिल पुलिस की एंटी क्राइम चेकिंग से मचा हड़कंप

तीन प्रमुख स्थानों पर एकसाथ चला जांच अभियान, असामाजिक तत्वों में हलचल

चांडिल, 01 अगस्त : सरायकेला-खरसावां पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चांडिल थाना क्षेत्र में शुक्रवार को विशेष एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया गया। थाना प्रभारी दिलशन बिरुआ के नेतृत्व में पुलिस टीम ने क्षेत्र के तीन महत्वपूर्ण स्थानों – पंडित रघुनाथ मुर्मू चौक कांदरबेड़ा, पाटा टोल प्लाजा, और डैम रोड पर सघन वाहन जांच की। इस अभियान के दौरान बिना नंबर प्लेट के चल रही तीन मोटरसाइकिलों को जब्त किया गया है।

 

इस औचक जांच अभियान से क्षेत्र में अफरातफरी का माहौल बन गया। पुलिस की इस सख्ती ने असामाजिक व अवैध गतिविधियों में शामिल तत्वों की नींद उड़ा दी है। सुबह से ही हाईवे और टोल प्लाजा पर पुलिस की सक्रियता दिखी, जिससे वाहन चालकों में खलबली मच गई। हर गुजरते वाहन की बारीकी से जांच की गई और कागजातों की गहन पड़ताल की गई।

चांडिल पुलिस ने बताया कि यह अभियान अपराध नियंत्रण के उद्देश्य से चलाया गया है और आगे भी यह कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वाहन के सभी कागजात अद्यतन रखें और नंबर प्लेट अनिवार्य रूप से लगवाएं, ताकि बिना वजह कानूनी कार्रवाई से बचा जा सके।

स्थानीय लोगों ने चांडिल पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की है और इसे सुरक्षा की दिशा में एक सकारात्मक कदम बताया है। वहीं पुलिस विभाग ने संकेत दिया है कि आगे भी इस तरह की सघन जांच अभियान समय-समय पर चलाए जाएंगे, ताकि अपराध और अवैध गतिविधियों पर लगाम लगाई जा सके।

Share This Article