रांची का पहाड़ी मंदिर परिसर अब होगा रोशन, रक्षा मंत्रालय के CSR फंड से हो रहा सोलर स्ट्रीट लाइट का अधिष्ठापन

रांची, 01 अगस्त : राजधानी रांची स्थित ऐतिहासिक और आस्था का केंद्र पहाड़ी मंदिर परिसर अब जल्द ही सोलर स्ट्रीट लाइट की रौशनी से जगमगाने वाला है। यह कार्य रक्षा मंत्रालय के कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) निधि के तहत किया जा रहा है।
रक्षा राज्यमंत्री सह रांची सांसद संजय सेठ ने जानकारी देते हुए बताया कि इस महत्वपूर्ण परियोजना का कार्य प्रगति पर है और जल्द ही इसका लाभ श्रद्धालुओं को मिलने लगेगा। उन्होंने कहा, “पहाड़ी बाबा के आशीर्वाद से यह कार्य संभव हो पाया है। अब सोलर स्ट्रीट लाइट के अधिष्ठापन से शाम के समय मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को रौशनी और सुरक्षा दोनों मिलेगी।”
श्री सेठ ने कहा कि यह कदम न केवल पर्यावरण के अनुकूल है, बल्कि मंदिर परिसर की व्यवस्था को और भी बेहतर बनाने की दिशा में एक बड़ा प्रयास है।
स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे एक सकारात्मक परिवर्तन बताया है। मंदिर परिसर में बिजली की निर्भरता को कम करने के साथ-साथ स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग से पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
रांची का पहाड़ी मंदिर न केवल धार्मिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण है, बल्कि यह शहर की सांस्कृतिक पहचान भी है। ऐसे में इस तरह की पहलें मंदिर को और भी सुंदर और सुरक्षित बनाने की दिशा में एक सराहनीय प्रयास मानी जा रही हैं।



