राष्ट्रपति के आगमन को लेकर प्रशासन सतर्क, एयरपोर्ट से आईआईटी तक किया गया ट्रायल रन

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

राष्ट्रपति के आगमन को लेकर प्रशासन सतर्क, एयरपोर्ट से आईआईटी तक किया गया ट्रायल रन

आईआईटी-आईएसएम धनबाद में 1 अगस्त को होगा दीक्षांत समारोह, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू होंगी मुख्य अतिथि

रांची/धनबाद, संवाददाता : आईआईटी आईएसएम धनबाद में कल 1 अगस्त को आयोजित होने वाले 45वें दीक्षांत समारोह में भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। इस अवसर को लेकर जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग पूरी तरह से सतर्क है। राष्ट्रपति के आगमन से पूर्व गुरुवार को सुरक्षा व्यवस्था की अंतिम समीक्षा करते हुए एयरपोर्ट से लेकर कार्यक्रम स्थल तक ट्रायल रन किया गया।

सुबह धनबाद के बरवाअड्डा एयरपोर्ट से लेकर आईआईटी आईएसएम तक करीब 50 से अधिक वाहनों के काफिले के साथ ट्रायल रन संपन्न हुआ। ट्रायल रन के पूर्व उपायुक्त आदित्य रंजन एवं वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने काफिले में शामिल सभी वाहन चालकों के साथ ब्रीफिंग कर उन्हें प्रोटोकॉल के तहत जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

इस दौरान एयरफोर्स के हेलीकॉप्टर की लैंडिंग और टेकऑफ का भी अभ्यास किया गया, ताकि आपात स्थिति में वैकल्पिक प्रबंधन को प्रभावी रूप से लागू किया जा सके।

आईआईटी आईएसएम परिसर पहुंचने पर वरीय अधिकारियों ने दीक्षांत समारोह के लिए बनाए गए मुख्य मंच, प्रदर्शनी क्षेत्र, फोटोग्राफी गैलरी, राष्ट्रपति के लिए निर्धारित विश्राम कक्ष, प्रेसिडेंट सुइट, वीआईपी पार्किंग, प्रवेश व निकास द्वार सहित अन्य व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने आयोजन समिति को समयबद्ध ढंग से सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण उपरांत काफिला पुनः उसी मार्ग से एयरपोर्ट के लिए रवाना हुआ और ट्रायल रन को पूर्णता दी गई। प्रशासन का उद्देश्य राष्ट्रपति की यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की त्रुटि या व्यवधान को पूरी तरह समाप्त करना है।

इस अवसर पर छोटानागपुर प्रक्षेत्र (बोकारो जोन) के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) क्रांति कुमार गढ़ीदेशी, ग्रामीण एसपी कपिल चौधरी, सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, एडीएम (लॉ एंड ऑर्डर) हेमा प्रसाद, अनुमंडल पदाधिकारी राजेश कुमार सहित अनेक प्रशासनिक व पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि 1 अगस्त को निर्धारित रूट पर अनावश्यक आवागमन से बचें एवं यातायात नियमों का पालन करें ताकि राष्ट्रपति का दौरा शांतिपूर्ण और भव्य रूप से संपन्न हो सके।

Share This Article