उपायुक्त की अध्यक्षता में कार्य प्रमंडलों की हुई मासिक समीक्षा बैठक

सरायकेला, 24 जुलाई : समाहरणालय स्थित सभागार में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार को ग्रामीण कार्य विभाग, भवन निर्माण, लघु सिंचाई, एनआरईपी, पेयजल एवं स्वच्छता, विद्युत सहित विभिन्न कार्य एजेंसियों द्वारा संचालित योजनाओं की मासिक प्रगति की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, निदेशक डीआरडीए सह जिला योजना पदाधिकारी डॉ. अजय तिर्की, सभी कार्य एजेंसी के कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
धीमी योजनाओं के संवेदकों की निगरानी और कार्रवाई के निर्देश
बैठक में उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जिले में लंबित योजनाओं की गति तेज की जाए और जो योजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं, उनका समयबद्ध उद्घाटन कराया जाए, ताकि आमजन को योजनाओं का लाभ शीघ्र मिल सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि धीमी प्रगति वाली योजनाओं की नियमित समीक्षा कर, उनका स्थल निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए तथा संबंधित संवेदकों से जवाबदेही तय की जाए। ऐसे संवेदक जो कार्यों में अनावश्यक विलंब या लापरवाही बरत रहे हैं, उन्हें चिन्हित कर ब्लैकलिस्ट करने की प्रक्रिया प्रारंभ की जाए।
सभी कार्य एजेंसियों को समयबद्ध रिपोर्टिंग का सख्त निर्दश
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी कार्य एजेंसियां योजनावार अद्यतन भौतिक एवं वित्तीय प्रगति रिपोर्ट निर्धारित प्रारूप में प्रत्येक माह समय पर जिला मुख्यालय को उपलब्ध कराएं, ताकि समुचित मूल्यांकन किया जा सके।
बैठक में कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि सभी विभाग अपने अधीनस्थ अभियंताओं के माध्यम से नियमित स्थल निरीक्षण कराएं तथा कार्यस्थल पर सूचना पट्ट, निर्माण सामग्री, कार्य अवधि आदि का स्पष्ट प्रदर्शन सुनिश्चित करें।



