आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित योजनाओं की उपायुक्त नें की समीक्षा

सरायकेला, 23 जुलाई : उपायुक्त नितीश कुमार सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की क्रमवार समीक्षा गई। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों द्वारा प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत किए गए तथा योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई। समीक्षा के दौरान स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण, कृषि एवं कौशल विकास से संबंधित योजनाओं पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि प्रखंड स्तर पर डेटा संग्रहण प्रणाली को सुदृढ़ किया जाए, सेवा वितरण की गुणवत्ता को बेहतर बनाया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि योजनाओं का लाभ वास्तविक लाभुकों तक समयबद्ध रूप से पहुंचे। उन्होंने कहा कि विकासात्मक अंतराल को दूर करने के लिए नवाचार एवं तकनीकी समावेशन को प्राथमिकता दी जाए।
बैठक में उपायुक्त ने सभी विभागों को निर्देश दिया कि वे लक्ष्य आधारित समयसीमा के अंतर्गत कार्यों की पूर्ति सुनिश्चित करें। जमीनी स्तर पर निगरानी के लिए नियमित फील्ड विजिट अनिवार्य हो तथा जन सहभागिता को प्रोत्साहित करते हुए व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाए जाएं। योजनाओं से संबंधित सभी आंकड़ों को संबंधित पोर्टल पर समय-समय पर अद्यतन किया जाए ताकि मूल्यांकन की प्रक्रिया पारदर्शी और प्रभावी हो। इसके अतिरिक्त, आंगनबाड़ी केंद्रों, विद्यालयों एवं स्वास्थ्य केंद्रों की आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण हेतु विभागीय समन्वय को आवश्यक बताया गया। उन्होंने कहा कि आकांक्षी प्रखंड के निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति के लिए योजनाओं का समन्वित एवं परिणाम आधारित क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। सरकार की मंशा अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है, इसलिए प्रत्येक स्तर पर जवाबदेही और पारदर्शिता अनिवार्य है।
बैठक में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, निदेशक डीआरडीए सह जिला योजना पदाधिकारी डॉ. अजय तिर्की, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी गम्हरिया सहित अन्य संबंधित विभागीय एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।



