दलभंगा क्षेत्र में सर्च अभियान के दौरान डेढ़ किलो के 12 आईईडी बरामद

सरायकेला, 22 जुलाई : सरायकेला-खरसावां जिले के दलभंगा ओपी अंतर्गत नीमडीह गांव के समीप पहाड़ी क्षेत्र से पुलिस ने सर्च अभियान के दौरान नक्सलियों द्वारा पूर्व में डंप किए गए 1.5 किलोग्राम के 12 केन आईईडी बरामद किया है। सरायकेला खरसावां जिला पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लूणायत ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली कि प्रतिबंधित भाकपा (माओ) नक्सली संगठन के उग्रवादियों ने सुरक्षा बलों को हानि पहुंचाने और उनका अभियान रोकने के उद्देश्य से कुछ वर्ष पूर्व गोला-बारूद छिपाकर रखा गया है। जिसके आलोक में सरायकेला-खरसावां पुलिस के साथ झारखंड जगुआर और एसएसबी 26 बटालियन का एक संयुक्त टीम बनाकर मंगलवार को दलभंगा ओपी अंतर्गत नीमडीह गांव के आस-पास जंगली/पहाड़ी क्षेत्रों में सर्च अभियान चलाया किया।
संयुक्त अभियान दल द्वारा चलाए गए सर्च अभियान के दौरान पहाड़ी क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा पूर्व में डंप किए गए 1.5 किग्रा का केन आईईडी 12 पीस बरामद किया गया। पुलिस ने सुरक्षा के दृष्टिकोण से उसी स्थान पर बम निरोधक दस्ता के सहायता से सभी आईईडी को विनिष्ट किया गया। इस संदर्भ में विधि-सम्मत अग्रतर कार्रवाई की जा रही है।



