उपायुक्त ने प्रखंड सह अंचल कार्यालय खूंटी का किया औचक निरीक्षण

विशेष संवाददाता, खूंटी, 16 जुलाई : खूंटी जिले की उपायुक्त आर. रॉनिटा ने बुधवार को प्रखंड सह अंचल कार्यालय, खूंटी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने कार्यालय की उपस्थिति पंजी की जांच की और अनुपस्थित पाए गए कर्मियों से स्पष्टीकरण प्राप्त करने और उनके वेतन काटने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया। उन्होंने कार्यालय में पदस्थापित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सभी कर्मी निर्धारित समय पर कार्यालय में उपस्थित हों तथा नियमित रूप से बॉयोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज करें। उन्होंने कार्य में अनुशासन और जवाबदेही सुनिश्चित करने पर बल दिया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने कार्यों का उत्तरदायित्वपूर्ण ढंग से निष्पादन सुनिश्चित करें। साथ ही कार्यालय परिसर की समुचित साफ-सफाई, आगंतुकों के लिए पर्याप्त बैठने की व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल एवं शौचालय की सुविधा बनाए रखने और आमजनों की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करें। निरीक्षण के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी समेत कार्यालय के कर्मी उपस्थित थे।



