कुकडू प्रखंड में जर्जर विद्युत लाइन से ग्रामीण परेशान, लाइनमैन गुहिराम गोप को हटाने की उठी मांग

रिपोर्ट: ManbhumUpdates.com संवाददाता
कुकडू, 12 जुलाई : सरायकेला-खरसावां जिले के कुकड़ प्रखंड अंतर्गत कई गांवों के ग्रामीणों ने विद्युत आपूर्ति की बदहाली को लेकर नाराजगी जताई है। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता को एक ज्ञापन सौंपते हुए कुकडू क्षेत्र में व्याप्त विद्युत समस्या के समाधान की मांग की है। ज्ञापन में बताया गया है कि वर्षों से बिजली आपूर्ति की स्थिति अत्यंत दयनीय बनी हुई है। गांव – बड़ालपांग, लेटेमदा, दारुदा, सिरूम, मानकीडीह, आमटाँड़, छतारडीह एवं अन्य क्षेत्रों में लगातार ट्रांसफार्मर जलने और तार टूटने की घटनाएं सामने आती रहती हैं। कहीं तार झूल रहा है, तो कहीं खुले तारों के कारण जान-माल का खतरा बना रहता है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि वर्तमान में विद्युत लाइनमैन के रूप में कार्यरत गुहिराम गोप द्वारा अपने कर्तव्यों का सही ढंग से निर्वहन नहीं किया जा रहा है। लोगों का कहना है कि बिजली मरम्मत कार्य के दौरान वह क्षेत्र में उपस्थित नहीं रहते और ना ही ग्रामीणों की समस्याओं पर ध्यान देते हैं। ज्ञापन में बताया गया है कि वे उपभोक्ताओं से दुर्व्यवहार करते हैं। गुहिराम गोप आपातकाल की स्थिति में फोन रिसीव नहीं करते हैं, बीते दिनों सिरूम में उसकी लापरवाही से करंट लगने के कारण एक बैल की मौत हो गई।
इसके अतिरिक्त, गुहिराम गोप पर मनमाने ढंग से मीटर रीडिंग और बिलिंग प्रक्रिया में गड़बड़ी करने का भी आरोप लगाया गया है। उपभोक्ताओं को समय पर बिल नहीं मिलते, और बिना जानकारी के भारी भरकम बिल थमा दिया जाता है। ग्रामीणों ने मांग की है कि गुलेरिया गोप को तत्काल हटाया जाए और उनकी जगह किसी ईमानदार एवं जवाबदेह कर्मी की नियुक्ति की जाए।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो वे आंदोलन को मजबूर होंगे। ज्ञापन देने वालों में फुलकेश महतो, महेंद्र नायक, दिलीप प्रमाणिक, अजय कुमार महतो समेत कई ग्रामीण शामिल थे।
यह ज्ञापन उपायुक्त, जिला परिषद उपाध्यक्ष, सहायक अभियंता (कुकड़), और अन्य संबंधित अधिकारियों को भी भेजा गया है, ताकि इस पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।



