उपायुक्त ने किया गोला प्रखंड का दौरा, आमजनों की समस्याएं सुनीं

प्रखंड सह अंचल कार्यालय का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
रामगढ़, 11 जुलाई : जिला उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज ने शुक्रवार को गोला प्रखंड का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने प्रखंड सह अंचल कार्यालय का गहन निरीक्षण किया और विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने आमजन को मिलने वाली शासकीय सेवाओं की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ पारदर्शी और समयबद्ध रूप से लोगों तक पहुँचे। उन्होंने प्रखंड सह अंचल कार्यालय में कार्यरत अधिकारियों और कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान कार्यालय पहुंचे आम नागरिकों से भी उपायुक्त रूबरू हुए। लोगों ने अपनी-अपनी समस्याएं उनके समक्ष रखीं, जिनके निराकरण के लिए उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
इस मौके पर गोला प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) सुधा वर्मा, अंचल अधिकारी समरेश कुमार भंडारी समेत अन्य विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
उपायुक्त ने सभी अधिकारियों से क्षेत्र की समस्याओं के त्वरित समाधान की अपील की और आमजन की संतुष्टि को प्राथमिकता देने का संदेश दिया।



