हेमंत को मिली बीजेपी की कमान……पढ़ें पूरी खबर
“हेमंत बीजेपी के नए अध्यक्ष बन गए!” — ये खबर सामने आते ही कई लोगों की भौंहें चढ़ गईं और मन में पहला ख्याल आया “क्या झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बीजेपी में आ गए?” लेकिन सियासत की इस चौंकाने वाली खबर का सच कुछ और ही है।

दरअसल, बात हो रही है मध्य प्रदेश के बैतूल से विधायक हेमंत खंडेलवाल की, जिन्हें आज आधिकारिक रूप से मध्य प्रदेश भारतीय जनता पार्टी का नया प्रदेश अध्यक्ष घोषित किया गया। चुनाव प्रभारी एवं केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने इस घोषणा के साथ खंडेलवाल को पार्टी का निर्विरोध अध्यक्ष चुने जाने की पुष्टि की।
धर्मेंद्र प्रधान ने कहा, “हेमंत खंडेलवाल सहज, गंभीर और निष्ठावान नेता हैं। वे अपने व्यवहार से सभी को साथ लेकर चलने वाले व्यक्तित्व के धनी हैं।” प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा की ओर से भी खंडेलवाल को शुभकामनाएं दी गईं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री मोहन यादव और धर्मेंद्र प्रधान ने संयुक्त रूप से हेमंत खंडेलवाल को अध्यक्ष पद का प्रमाण-पत्र सौंपा। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने भी भारी उत्साह और समर्थन के साथ खंडेलवाल का स्वागत किया।
हेमंत खंडेलवाल मध्यप्रदेश में एक सुलझे हुए नेता माने जाते हैं। वे पूर्व सांसद खंडेलवाल के पुत्र हैं और प्रदेश की राजनीति में उनका कद लगातार बढ़ता रहा है। अब प्रदेश अध्यक्ष बनने के साथ ही उनकी जिम्मेदारी और भी बढ़ गई है, खासकर 2028 के विधानसभा चुनावों को देखते हुए।



