
भाजयुमो नेता ने किया अनोखा विरोध, गड्ढे में उतरे और किया वृक्षारोपण
चांडिल, 27 जून : मानसून की पहली बारिश ने ही टाटा-रांची नेशनल हाईवे सर्विस रोड की पोल खोल दी है। चौका मोड़ ओवरब्रिज के समीप तथा चावलीबासा के समीप सर्विस लेन पर बना विशालकाय गड्ढा अब तालाब का रूप ले चुका है। इससे रोजाना सैकड़ों वाहन चालकों की जान जोखिम में पड़ रही है।
भारतीय जनता युवा मोर्चा से जुड़े आकाश महतो ने इस स्थिति को लेकर केंद्र सरकार के अधीन राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के खिलाफ विरोध दर्ज कराया है। उन्होंने गड्ढे में उतरकर सांकेतिक प्रदर्शन किया और उसी गड्ढे के भीतर एक पौधा लगाकर एनएचएआई के विकास कार्यों की सच्चाई उजागर करने का प्रयास किया।

आकाश महतो ने कहा, “मैंने कई बार इस समस्या को लेकर जिला प्रशासन और एनएचएआई अधिकारियों को टेलीफोन पर जानकारी दी, परंतु कोई कार्रवाई नहीं हुई। मजबूर होकर मुझे अपने समर्थकों के साथ सड़क पर बने इस तालाबनुमा गड्ढे में घुसकर विरोध प्रदर्शन करना पड़ा। प्रशासन को नींद से जगाने के लिए हमने उसी गड्ढे में वृक्षारोपण किया है।”
स्थानीय लोगों का कहना है कि बीते कई दिनों से इस गड्ढे में पानी भर जाने के कारण दर्जनों गाड़ियां ब्रेकडाउन हो चुकी हैं। बाइक सवार कई लोग गंभीर रूप से घायल भी हो चुके हैं।
भाजयुमो नेता ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो वे जनता की सुरक्षा और हित में एनएचएआई एवं प्रशासन के खिलाफ जनआंदोलन करने को बाध्य होंगे।
स्थानीय नागरिकों ने भी इस पहल का समर्थन करते हुए प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द सर्विस रोड की मरम्मत करवाई जाए, ताकि भविष्य में कोई बड़ी दुर्घटना ना हो।



