
चांडिल से लेकर सरायकेला तक सभी नौ प्रखंडों में गृह प्रवेश कार्यक्रम, लाभुकों को पौधा, बधाई पत्र और नए घर की चाबी देकर किया गया सम्मानित
सरायकेला, 19 नवंबर : झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा-2026 के तहत सरायकेला-खरसावां जिले में चल रहे गृह प्रवेश सप्ताह के दौरान आवास योजना के लाभुक परिवारों के नए घर का सपना साकार हो रहा है। गुरुवार को जिले के विभिन्न प्रखंडों में 92 पूर्ण आवासों में लाभुक परिवारों का गृह प्रवेश कराया गया। इसके साथ ही 15 से 19 नवंबर तक जिले में कुल 626 परिवार अपने नए पक्के मकान में प्रवेश कर चुके हैं।
प्रखंडवार आंकड़ों के अनुसार, चांडिल में 75, गम्हरिया में 76, ईचागढ़ में 68, खरसावां में 72, कुचाई में 50, कुकड़ू में 58, नीमडीह में 85, राजनगर में 80 तथा सरायकेला प्रखंड में 62 आवासों में गृह प्रवेश कराया गया है।
वहीं, गुरुवार को आयोजित कार्यक्रम के तहत चांडिल प्रखंड में 16, गम्हरिया में 5, ईचागढ़ में 8, खरसावां में 15, कुचाई में 7, कुकड़ू में 11, नीमडीह में 12, राजनगर में 7 तथा सरायकेला प्रखंड में 11 परिवारों ने नए आवास में प्रवेश किया।
पौधा और चाबी देकर कराया गया गृह प्रवेश
विभिन्न ग्राम पंचायतों में आयोजित कार्यक्रमों में पंचायत समिति सदस्यों, मुखिया, ग्राम प्रधान एवं वार्ड सदस्यों ने भाग लिया। इस दौरान लाभुक परिवारों को नए आवास की चाबी, बधाई पत्र और पौधा भेंटकर गृह प्रवेश कराया गया।
इस पहल के तहत ‘हर आवास, एक पेड़’ अभियान को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। लाभुक परिवारों को घर के आसपास पौधरोपण कर हरित वातावरण विकसित करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। साथ ही वर्षा जल संचयन, स्वच्छता और पोषण वाटिका के महत्व की जानकारी भी दी जा रही है।
गौरतलब है कि गृह प्रवेश सप्ताह का आयोजन 15 से 21 नवंबर तक किया जा रहा है। इस दौरान जिले में पूर्ण हो चुके आवासों में लाभुक परिवारों का गृह प्रवेश कराने के साथ उन्हें सरकार की अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने की भी पहल की जा रही है।



