नुक्कड़ नाटक के जरिए गांव-गांव पहुंचाई जा रही सरकारी योजनाओं की जानकारी

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा पर छह प्रखंडों में जागरूकता अभियान, 12 पंचायतों एवं गांवों में हुए कार्यक्रम

सरायकेला, 19 नवंबर : झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत जिले में सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को जिला सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की ओर से जिले के छह प्रखंडों में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।

इस दौरान कलाकारों ने रोचक और संवादात्मक प्रस्तुतियों के जरिए राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, उनके उद्देश्यों, पात्रता और लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया को सरल तरीके से समझाया। साथ ही पात्र लाभुकों को योजनाओं से जुड़कर सरकारी सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।

अभियान के तहत सरायकेला प्रखंड के हुडू एवं ईटाकुदार पंचायत, खरसावां के हरिभंजा एवं जोजोडीह, नीमडीह के सामानपुर एवं टेंगाडीह तथा राजनगर प्रखंड के गेंगरूली एवं गोविंदपुर में नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया।

इसी तरह कुकड़ू प्रखंड के बेड़ासी सिरुम एवं चौड़ा तथा चांडिल प्रखंड के चांडिल एवं चिलगू में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस तरह छह प्रखंडों के 12 स्थानों पर नुक्कड़ नाटक के जरिए सरकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाई गई।

जिला सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना और जानकारी के अभाव में पात्र लोगों को सरकारी लाभ से वंचित होने से बचाना है। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से स्थानीय स्तर पर लोगों को योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

Share This Article