
बच्चों की सुरक्षा को लेकर एमवीआई ने चलाया जांच अभियान, वाहनों के दस्तावेज और सुरक्षा मानकों की हुई जांच
जमशेदपुर, 19 नवंबर : स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने स्कूल वाहनों के खिलाफ जांच अभियान तेज कर दिया है। उपायुक्त राजीव रंजन के निर्देश पर एमवीआई सूरज हेंब्रम के नेतृत्व में चलाए गए जांच अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले 16 स्कूल वाहन संचालकों पर कार्रवाई की गई। इनसे कुल 1 लाख 64 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया।
जांच अभियान के दौरान स्कूली बच्चों को लाने-ले जाने में इस्तेमाल होने वाले वाहनों के आवश्यक दस्तावेज, वैध वाहन प्रमाणपत्र और निर्धारित सुरक्षा मानकों की जांच की गई। इस दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वाहन संचालकों पर जुर्माना लगाया गया।
प्रशासन की इस कार्रवाई का उद्देश्य स्कूली वाहनों के परिचालन में लापरवाही पर अंकुश लगाना और बच्चों की यात्रा को सुरक्षित बनाना है। जांच के दौरान एमवीआई ने स्कूल प्रबंधन एवं वाहन संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिया कि वे निर्धारित यातायात नियमों और सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करें।
साथ ही वाहनों के सभी जरूरी दस्तावेज अद्यतन रखने और बच्चों की सुरक्षा से जुड़े प्रावधानों का अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा गया है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा से जुड़े मामलों में नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



