
झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत रैली, नुक्कड़ संवाद और जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन
सरायकेला, 19 नवंबर : झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत सरायकेला-खरसावां जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में गुरुवार को तम्बाकू मुक्त एवं स्वस्थ ग्राम की परिकल्पना को साकार करने के उद्देश्य से जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान ग्रामीणों को तम्बाकू सेवन से होने वाले गंभीर दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई तथा तम्बाकू का सेवन नहीं करने की शपथ दिलाई गई।
गौरतलब है कि पंचायती राज विभाग की ओर से 15 नवंबर से 23 नवंबर 2026 तक राज्य की सभी ग्राम पंचायतों में झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इसके तहत स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य, सामाजिक जागरूकता तथा राज्य की समृद्ध संस्कृति एवं विरासत से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
इसी कड़ी में गुरुवार को जिले की विभिन्न पंचायतों में तम्बाकू निषेध को लेकर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसके तहत ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता रैली निकाली गई तथा सार्वजनिक स्थलों और दुकानों पर तम्बाकू निषेध से संबंधित संदेश प्रदर्शित किए गए।
वहीं, विद्यालयों और हाट-बाजारों में नुक्कड़ संवाद के माध्यम से लोगों को तम्बाकू सेवन से होने वाले स्वास्थ्य संबंधी नुकसान और इसके गंभीर दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान के माध्यम से ग्रामीणों को तम्बाकू सेवन से दूरी बनाने, दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया। पंचायत स्तर पर आयोजित इन गतिविधियों का उद्देश्य तम्बाकू मुक्त एवं स्वस्थ गांव के निर्माण के लिए सामुदायिक भागीदारी को बढ़ावा देना है।



