झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत पंचायतों में हुआ पौधरोपण

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

पंचायत भवनों, विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों और सार्वजनिक स्थलों पर लगाए गए पौधे, संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने के लिए ग्रामीणों को किया गया प्रेरित

सरायकेला, 18 नवंबर : झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत बुधवार को जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। पंचायती राज विभाग की पहल पर आयोजित इस कार्यक्रम के तहत पंचायत भवनों, विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, तालाबों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर पौधे लगाए गए। इस दौरान ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण और हरित ग्राम के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जागरूक किया गया।

झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर 15 से 23 नवंबर तक राज्य की सभी ग्राम पंचायतों में स्थापना दिवस पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इसके तहत स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य, सामाजिक जागरूकता तथा झारखंड की समृद्ध संस्कृति एवं विरासत से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।

इसी क्रम में बुधवार को आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम में स्थानीय स्तर पर लोगों की सहभागिता रही। विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर पौधे लगाकर पर्यावरण को हरा-भरा बनाने का संदेश दिया गया। साथ ही ग्रामीणों को बताया गया कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण भी जरूरी है।

कार्यक्रम के दौरान स्थानीय समूहों, स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) और युवाओं को पौधों की देखभाल एवं संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया। ग्रामीणों ने स्वच्छ हवा और हरित ग्राम के निर्माण में योगदान देने तथा लगाए गए पौधों को सुरक्षित रखने का संकल्प भी लिया।

Share This Article