
बाल दिवस पर सिरुम स्कूल में बच्चों के बीच कॉपी-कलम और चॉकलेट का वितरण, जिला परिषद उपाध्यक्ष ने चाचा नेहरू को किया याद; बच्चों को दिया उज्ज्वल भविष्य का संदेश
कुकड़ू, 14 नवंबर : देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती के अवसर पर शनिवार को बाल दिवस की खुशियां उत्क्रमित मध्य विद्यालय सिरुम में देखने को मिलीं। सरायकेला-खरसावां जिला परिषद की उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने विद्यालय पहुंचकर छात्र-छात्राओं के बीच कॉपी, कलम एवं चॉकलेट का वितरण किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों के साथ बाल दिवस मनाते हुए उन्हें शिक्षा, अनुशासन और बेहतर भविष्य के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मधुश्री महतो ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू बच्चों से बेहद स्नेह करते थे। उनका मानना था कि बच्चे ही देश का भविष्य हैं। इसी कारण उनकी जयंती को बाल दिवस के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि बाल दिवस केवल उत्सव मनाने का दिन नहीं है, बल्कि यह आत्ममंथन करने का अवसर भी है कि हम अपने बच्चों को कैसी शिक्षा, संस्कार और सुविधाएं दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि किसी भी देश की असली ताकत उसकी युवा पीढ़ी होती है और उस ताकत की नींव आज के बच्चे हैं। इसलिए बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर वातावरण और आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध कराना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं में भी अपार संभावनाएं हैं। जरूरत है तो उन्हें सही मार्गदर्शन, प्रोत्साहन और संसाधन उपलब्ध कराने की।
जिला परिषद उपाध्यक्ष ने बच्चों से कहा कि वे पढ़ाई को बोझ नहीं, बल्कि अपने सपनों को पूरा करने का सबसे मजबूत माध्यम समझें। नियमित अध्ययन करें, शिक्षकों एवं अभिभावकों का सम्मान करें और जीवन में अनुशासन को अपनाएं। उन्होंने कहा कि सफलता केवल अच्छे अंक प्राप्त करने से नहीं मिलती, बल्कि अच्छे संस्कार, मेहनत, ईमानदारी और दूसरों के प्रति संवेदनशीलता भी एक बेहतर इंसान बनने के लिए जरूरी हैं।
उन्होंने अभिभावकों एवं शिक्षकों से भी बच्चों की प्रतिभा को पहचानने और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करने की अपील की। कहा कि आर्थिक परिस्थितियां किसी बच्चे के सपनों की राह में बाधा नहीं बननी चाहिए। गांव के बच्चे भी अपनी मेहनत और लगन से शिक्षा, खेल, विज्ञान तथा अन्य क्षेत्रों में बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं।
इस दौरान कॉपी, कलम और चॉकलेट पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे। छात्र-छात्राओं ने गीत एवं कविताओं के माध्यम से चाचा नेहरू को याद किया। विद्यालय परिसर में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।