रेलवे फाटक के इंतजार से मिली मुक्ति, जामडीह ओवरब्रिज से खुलेगा विकास और सुगम सफर का रास्ता

MANBHUM UPDATES
4 Min Read

चांडिल-पुरुलिया मार्ग पर वर्षों पुरानी जाम की समस्या का हुआ समाधान, केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और विधायक सविता महतो ने किया नवनिर्मित ओवरब्रिज का उद्घाटन

नीमडीह, 14 नवंबर : रेलवे फाटक बंद होते ही सड़क पर वाहनों की लंबी कतार और घंटों इंतजार की मजबूरी। चांडिल-पुरुलिया मार्ग से गुजरने वाले लोगों के लिए यह वर्षों से रोजमर्रा की परेशानी बनी हुई थी। अब इस समस्या से निजात मिलने की उम्मीद जगी है। सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह प्रखंड अंतर्गत जामडीह में शनिवार को नवनिर्मित रेलवे ओवरब्रिज का भव्य उद्घाटन किया गया। केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ एवं ईचागढ़ विधायक सविता महतो ने संयुक्त रूप से फीता काटकर ओवरब्रिज को आम जनता के लिए समर्पित किया।

ओवरब्रिज के चालू होने से चांडिल-पुरुलिया मार्ग पर आवागमन पहले की तुलना में अधिक सुगम होगा। खासकर रेलवे फाटक के बंद रहने के कारण जाम में फंसने वाले स्कूली बच्चों, मरीजों, नौकरीपेशा लोगों और दैनिक यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। अब ट्रेन गुजरने के दौरान रेलवे फाटक पर वाहनों की लंबी कतार लगने और समय बर्बाद होने की समस्या से काफी हद तक छुटकारा मिल सकेगा।

रोजाना की परेशानी से मिलेगी राहत

जामडीह रेलवे फाटक इस मार्ग पर यातायात बाधित होने का प्रमुख कारण बना हुआ था। ट्रेन परिचालन के दौरान फाटक बंद होते ही दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग जाती थी। कई बार जरूरी काम से निकले लोगों को भी लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता था। ऐसे में ओवरब्रिज का उद्घाटन क्षेत्र की यातायात व्यवस्था के लिहाज से महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। इससे न केवल स्थानीय लोगों, बल्कि चांडिल से पुरुलिया और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के बीच आवागमन करने वाले यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी।

विकास और बेहतर यातायात व्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण कदम : संजय सेठ

उद्घाटन के अवसर पर केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि जामडीह फ्लाईओवर का शुरू होना क्षेत्रवासियों के लिए खुशी की बात है। रेलवे फाटक के कारण यहां वर्षों से जाम की समस्या बनी हुई थी। अब ओवरब्रिज चालू होने से लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने इसे क्षेत्र के विकास और बेहतर यातायात व्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

उद्घाटन समारोह में जुटे भाजपा नेता और ग्रामीण

कार्यक्रम में नीमडीह जिला परिषद सदस्य असित सिंह पात्र, भाजपा नेता हरेलाल महतो, जिला महामंत्री भूषण मुर्मू, जिला मंत्री पप्पू वर्मा, पूर्व जिला परिषद सदस्य अनीता पारित, सांसद प्रतिनिधि मनोज महतो, सारथी महतो, विशाल चौधरी, देवाशीष राय, नीमडीह पश्चिम मंडल अध्यक्ष जयंत रजक, पूर्वी मंडल अध्यक्ष बिपुल सिंह सरदार, चौका मंडल अध्यक्ष चामू राम भुइयां, ईचागढ़ मंडल अध्यक्ष कामदेव नायक, जिला युवा मोर्चा महामंत्री युधिष्ठिर महतो, उपाध्यक्ष मनोरंजन महतो, दिवाकर सिंह समेत बड़ी संख्या में भाजपा नेता, कार्यकर्ता एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे।

ओवरब्रिज शुरू होने के साथ ही अब क्षेत्रवासियों की उम्मीद है कि इस मार्ग पर यातायात सुचारु रहेगा और वर्षों से चली आ रही जाम की समस्या इतिहास बन जाएगी।

Share This Article