बाल दिवस पर तमोलिया स्कूल को मिली स्वच्छता की सौगात, नौ लाख से बनेंगे छह नए शौचालय

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

नारायणा हेल्थ ग्रुप की CSR पहल से छात्र-छात्राओं को मिलेगी बेहतर सुविधा, तीन शौचालय छात्राओं और तीन छात्रों के लिए होंगे समर्पित

चांडिल, 14 नवंबर : बाल दिवस के अवसर पर सरायकेला खरसावां जिले के चांडिल प्रखंड अंतर्गत तमोलिया स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय के विद्यार्थियों को स्वच्छता की बड़ी सौगात मिली। नारायणा हेल्थ ग्रुप की सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) पहल के तहत विद्यालय परिसर में करीब नौ लाख रुपये की लागत से छह नए शौचालयों का निर्माण कराया जाएगा। शनिवार को निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया गया।

ब्रह्मानंद नारायणा हॉस्पिटल, तमोलिया के फैसिलिटी डायरेक्टर ए. धर्मा राव ने नारियल फोड़कर एवं विधिवत पूजा-अर्चना के साथ निर्माण कार्य की आधारशिला रखी। प्रस्तावित छह शौचालयों में तीन छात्राओं और तीन छात्रों के लिए बनाए जाएंगे। इससे विद्यालय में स्वच्छता एवं बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जूना अखाड़ा के अंतरराष्ट्रीय उपाध्यक्ष महंत विद्यानंद सरस्वती एवं पूर्व जिला परिषद सदस्य मधुसूदन गोराई उपस्थित रहे। विद्यालय पहुंचने पर अतिथियों का विद्यार्थियों ने स्वागत गीत के माध्यम से अभिनंदन किया। वहीं, बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर बाल दिवस के आयोजन को यादगार बनाया।

इस अवसर पर ए. धर्मा राव ने कहा कि बच्चों का स्वास्थ्य, स्वच्छता और बेहतर भविष्य समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। विद्यालय में स्वच्छ शौचालय की उपलब्धता केवल बुनियादी सुविधा नहीं, बल्कि बच्चों के स्वास्थ्य और शिक्षा से भी जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। विशेषकर छात्राओं के लिए अलग एवं सुरक्षित शौचालय की व्यवस्था उनकी गरिमा और शिक्षा की निरंतरता के लिए बेहद जरूरी है।

उन्होंने कहा कि नारायणा हेल्थ ग्रुप की जिम्मेदारी केवल अस्पताल में उपचार उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक कल्याण और स्थानीय समुदाय के विकास में भी समूह अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रतिबद्ध है। निर्माण कार्य को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराने का प्रयास किया जाएगा।

विद्यालय परिवार ने इस पहल के लिए नारायणा हेल्थ ग्रुप के प्रति आभार जताया। मौके पर विद्यालय की प्राचार्या मुक्ता हंसा, ग्राम प्रधान शंकर गोराई, अजय कुमार महतो, सदानंद महतो एवं कृष्णा महतो सहित शिक्षक, विद्यार्थी और ग्रामीण उपस्थित थे।

Share This Article