त्योहारों से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, चांडिल में मिला फफूंद लगा खोवा

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

चांडिल स्टेशन और कांड्रा बाजार की मिठाई दुकानों में चला जांच अभियान, करीब एक किलो खराब मावा कराया गया नष्ट – बिना लाइसेंस दुकानदारों को सात दिनों की मोहलत

चांडिल, 06 नवंबर : दीपावली और छठ पर्व से पहले मिठाई एवं अन्य खाद्य पदार्थों में मिलावट की आशंका को देखते हुए सरायकेला-खरसावां जिला प्रशासन ने खाद्य सुरक्षा जांच अभियान तेज कर दिया है। शुक्रवार को उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने चांडिल स्टेशन और कांड्रा बाजार स्थित विभिन्न मिठाई दुकानों एवं खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान चांडिल में करीब एक किलोग्राम फफूंदयुक्त खोवा (मावा) बरामद हुआ, जिसे मौके पर ही नष्ट करा दिया गया।

चांडिल स्टेशन में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी विशाल कुमार सिंह के नेतृत्व में सिंह होटल, अन्नपूर्णा स्वीट्स और मोदी स्वीट्स समेत अन्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई। इस दौरान मिठाइयों की गुणवत्ता, निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री, भंडारण व्यवस्था और साफ-सफाई का जायजा लिया गया। जांच के क्रम में मिठाइयों में स्टार्च की मौजूदगी की भी पड़ताल की गई। साथ ही खाद्य पदार्थों में इस्तेमाल किए जा रहे औद्योगिक रंगों को हटवाया गया और इनके अनधिकृत उपयोग पर सख्त चेतावनी दी गई।

वहीं, कांड्रा बाजार में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी रितेश कुमार ने विभिन्न मिठाई दुकानों एवं खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान कुछ दुकानों में साफ-सफाई और स्वच्छता मानकों में कमी पाई गई। संबंधित दुकानदारों को व्यवस्था में सुधार करने तथा खाद्य पदार्थों के सुरक्षित निर्माण एवं भंडारण का निर्देश दिया गया। वहीं, आवश्यक खाद्य लाइसेंस या पंजीकरण नहीं रखने वाले प्रतिष्ठान संचालकों को सात दिनों के भीतर लाइसेंस अथवा पंजीकरण के लिए आवेदन करने की हिदायत दी गई।

मिठाई खरीदने से पहले गुणवत्ता पर दें ध्यान

खाद्य सुरक्षा विभाग ने दुकानदारों को गुणवत्तापूर्ण कच्चे माल का इस्तेमाल करने, मिलावट एवं प्रतिबंधित रंगों से बचने तथा मिठाइयों को धूल, गंदगी और फफूंद से सुरक्षित रखने का निर्देश दिया है। साथ ही निर्माण एवं भंडारण स्थलों पर साफ-सफाई और कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने को कहा गया है।

पैकेज्ड मिठाइयों पर निर्माण तिथि, प्रयुक्त सामग्री और अन्य आवश्यक विवरणों की नियमानुसार लेबलिंग सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि दीपावली एवं छठ पर्व तक जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जांच अभियान जारी रहेगा। खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article