
छोटा गम्हरिया में सड़क-पेयजल समस्या से लेकर कुचाई में क्षतिग्रस्त पुल के पुनर्निर्माण का मामला पहुंचा, तसर उद्योग को पुनर्जीवित करने के लिए भी मांगा गया सहयोग
सरायकेला, 06 नवंबर : सरायकेला-खरसावां जिले में आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान को लेकर शुक्रवार को समाहरणालय में साप्ताहिक जनता दरबार आयोजित किया गया। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने तथा समस्याओं का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जनता दरबार में छोटा गम्हरिया पंचायत के शिवनगर कॉलोनी में करीब 500 मीटर सड़क निर्माण और नल-जल योजना के तहत पेयजल कनेक्शन उपलब्ध कराने की मांग उठाई गई। स्थानीय लोगों ने सड़क और पेयजल की समस्या से निजात दिलाने के लिए उपायुक्त को आवेदन सौंपा।
वहीं, कुचाई प्रखंड के रोलाहातु पंचायत अंतर्गत जोम्बरो, सिकरवा, कोमाय और कोरी गांव के ग्रामीणों ने क्षतिग्रस्त पुल के स्थान पर नए पुल के निर्माण की मांग की। ग्रामीणों के अनुसार, पुल की मरम्मत के लिए ग्रामीण कार्य विभाग की ओर से कार्यादेश जारी किया गया है। इसके बावजूद आवागमन की समस्या को देखते हुए ग्रामीणों ने पुल निर्माण की दिशा में आवश्यक पहल करने का अनुरोध किया।
तसर उद्योग को पुनर्जीवित करने की मांग
जनता दरबार में खरसावां, कुचाई और राजनगर प्रखंड में पारंपरिक तसर उत्पादन एवं रेशम वस्त्र बुनाई की गतिविधियों को पुनर्जीवित करने का मामला भी उठा। इस संबंध में दिए गए आवेदन में स्थानीय महिलाओं और ग्रामीण युवाओं को प्रशिक्षण, मशीन एवं उपकरण, कार्यशील पूंजी तथा तैयार उत्पादों के विपणन की व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए प्रशासनिक सहयोग मांगा गया।
इसके अलावा स्वास्थ्य, जनवितरण प्रणाली, आवास, भूमि विवाद और आपसी बंटवारे समेत विभिन्न समस्याओं से संबंधित आवेदन भी उपायुक्त को सौंपे गए। उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को आवेदनों की गंभीरता से जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने और आम नागरिकों को समय पर राहत उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।



