मतदाता सूची में किसी पात्र नागरिक का नाम नहीं छूटेगा, उपायुक्त ने घर-घर जाकर किया सत्यापन

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

जमशेदपुर पूर्वी में विशेष गहन पुनरीक्षण की सुपर चेकिंग, दस्तावेजों की जांच के साथ मतदाताओं को फॉर्म-6 भरने की दी जानकारी

जमशेदपुर, 05 नवंबर : विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं पारदर्शी बनाने के लिए जिला प्रशासन ने सत्यापन अभियान तेज कर दिया है। गुरुवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन ने जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के बिरसानगर में प्रपत्रों की सुपर चेकिंग करने के साथ घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन किया। इस दौरान उन्होंने मतदाताओं से सीधा संवाद कर प्रारूप मतदाता सूची में नाम छूटने की स्थिति में फॉर्म-6 भरकर नाम जुड़वाने की जानकारी दी।

उपायुक्त ने 48-जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के बिरसानगर स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय के मतदान केंद्र संख्या 89 में विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत प्राप्त प्रपत्रों एवं उनके साथ संलग्न दस्तावेजों की जांच की। उन्होंने प्रपत्रों में दर्ज विवरण की शुद्धता और निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप सत्यापन प्रक्रिया का जायजा लिया।

इसके बाद उपायुक्त मतदान केंद्र संख्या 106 के अंतर्गत विभिन्न घरों में पहुंचे और होम टू रोल वेरिफिकेशन के तहत परिवारवार मतदाता सूची का मिलान किया। उन्होंने यह जानकारी ली कि संबंधित परिवार के सभी पात्र सदस्यों के नाम मतदाता सूची में दर्ज हैं या नहीं। साथ ही ऐसे पात्र नागरिकों की पहचान करने पर जोर दिया, जिनका नाम प्रारूप मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाया है।

उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों एवं बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) को निर्देश दिया कि सत्यापन के दौरान किसी भी पात्र मतदाता का नाम छूटने नहीं पाए। घर-घर जाकर लोगों को आवश्यक जानकारी देने के साथ नाम जोड़ने की प्रक्रिया में सहयोग करें। उन्होंने फॉर्म-6 के माध्यम से नए पात्र मतदाताओं का नाम जोड़ने तथा प्राप्त आवेदनों की प्रक्रिया और डिजिटाइजेशन का कार्य बिना अनावश्यक विलंब के पूरा करने का निर्देश दिया।

इस दौरान ईआरओ सह धालभूम अनुमंडल पदाधिकारी अर्नव मिश्रा, उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रियंका सिंह, संबंधित बीएलओ एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

Share This Article