सरायकेला-खरसावां में SIR-2026 की समीक्षा, अब तक मिले 34,207 नए मतदाता पंजीकरण आवेदन

MANBHUM UPDATES
4 Min Read

तार्किक विसंगति के 55.62% और नो मैपिंग के 45.48% मामलों का निष्पादन, 4 नवंबर को सभी मतदान केंद्रों पर BLO-BLA की बैठक

सरायकेला, 02 नवंबर : मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 की प्रगति को लेकर सोमवार को समाहरणालय सभागार में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। बैठक में जिले में अब तक हुए कार्यों की समीक्षा करते हुए विभिन्न श्रेणियों में प्राप्त आवेदनों और उनके निष्पादन की अद्यतन स्थिति से अवगत कराया गया।

बैठक में बताया गया कि जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों से अब तक नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए कुल 34,207 प्रपत्र-6 प्राप्त हुए हैं। इनमें ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र से 11,082, सरायकेला से 14,499 और खरसावां विधानसभा क्षेत्र से 8,626 आवेदन शामिल हैं।

वहीं, तार्किक विसंगति श्रेणी के कुल 1,53,107 मामलों में से 85,165 यानी 55.62 प्रतिशत का निष्पादन किया गया है। नो मैपिंग श्रेणी के 71,401 मामलों में से 32,472 यानी 45.48 प्रतिशत तथा अन्य श्रेणी के 5,61,358 मामलों में से 5,25,013 यानी 93.53 प्रतिशत मामलों का निष्पादन हुआ है।

उपायुक्त ने कहा कि SIR का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करना और सूची को त्रुटिरहित एवं समावेशी बनाना है। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपने बूथ लेवल एजेंट (BLA-2) के माध्यम से संबंधित बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा पात्र मतदाताओं का नाम जोड़ने में सक्रिय सहयोग करने की अपील की।

4 नवंबर को सभी मतदान केंद्रों पर होगी बैठक

बैठक में बताया गया कि 4 नवंबर को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर पूर्वाह्न 11 बजे से दोपहर एक बजे तक BLO एवं BLA-2 की पांचवीं बैठक के साथ पांचवीं चुनाव पाठशाला आयोजित होगी। इस दौरान नोटिस एवं सत्यापन की प्रक्रिया पूरी नहीं करने वाले मतदाताओं की सूची उपस्थित BLA-2, सदस्यों एवं आम नागरिकों के समक्ष पढ़कर सुनाई जाएगी। संबंधित मामलों में आवश्यक जानकारी, सुझाव एवं आपत्तियां भी प्राप्त की जाएंगी, ताकि नियमानुसार सत्यापन और निष्पादन किया जा सके।

18 नवंबर तक कर सकते हैं ऑनलाइन आवेदन

नए मतदाताओं के पंजीकरण पर जोर देते हुए उपायुक्त ने राजनीतिक दलों से 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित करने की अपील की। बताया गया कि 1 जनवरी 2027 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले पात्र युवा प्रपत्र-6 भरकर मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए 18 नवंबर 2026 तक BLO के माध्यम से अथवा ECINET ऐप और Voter Service Portal के जरिए ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है।

बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से SIR प्रक्रिया से संबंधित शिकायतें, आपत्तियां एवं सुझाव भी मांगे गए। उपायुक्त ने आश्वस्त किया कि प्राप्त शिकायतों का निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप जांच कर नियमानुसार निष्पादन किया जाएगा। बैठक में निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

निर्वाचन संबंधी सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क किया जा सकता है।

Share This Article