
खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी में मिलीं गंभीर अनियमितताएं, तीन प्रतिष्ठानों को सात दिनों में कमियां दूर करने का निर्देश
आदित्यपुर, 31 अक्टूबर : खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग ने 30 अक्टूबर को आदित्यपुर के डीवीसी मोड़ स्थित विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान Chai Chai Cafe and Fooding में करीब दो किलो संदिग्ध मिलावटी पनीर, एक्सपायर्ड चॉकलेट और ब्रेड के साथ पांच किलो फफूंदयुक्त फूलगोभी बरामद हुई। खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी रितेश कुमार ने जनस्वास्थ्य की सुरक्षा को देखते हुए सभी अनुपयोगी खाद्य सामग्रियों को मौके पर ही नष्ट करा दिया।
निरीक्षण के दौरान Kolkata Empire Restaurant, Chai Chai Cafe and Fooding तथा The 90s Era Restaurant की जांच की गई। जांच में कुछ प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई और स्वच्छता संबंधी कमियां पाई गईं। वहीं, पेयजल की गुणवत्ता जांच से संबंधित रिपोर्ट और कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र भी उपलब्ध नहीं मिले।
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने संबंधित प्रतिष्ठानों के संचालकों को सात दिनों के भीतर सभी कमियां दूर करने और आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। वहीं, Chai Chai Cafe and Fooding के संचालक से भविष्य में इस तरह की अनियमितताओं की पुनरावृत्ति नहीं करने को लेकर स्व-घोषणा पत्र भी लिया गया।
विभाग ने सभी खाद्य कारोबारियों को खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण, साफ-सफाई, सैनिटाइजेशन, शुद्ध पेयजल की उपलब्धता और कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता सुनिश्चित करने की हिदायत दी है। निर्धारित समय सीमा के बाद दोबारा निरीक्षण कर अनुपालन की जांच की जाएगी। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कार्रवाई की जाएगी।