
पटाखों की बिक्री के लिए चिह्नित होंगे सुरक्षित स्थल, छठ घाटों पर साफ-सफाई, रोशनी और सुरक्षा व्यवस्था समय पर पूरी करने का निर्देश
सरायकेला, 31 अक्टूबर : दीपावली एवं छठ महापर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात और नागरिक सुविधाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि जिले में पटाखों की बिक्री केवल अस्थायी अनुज्ञप्ति प्राप्त विक्रेता ही कर सकेंगे। इसके लिए निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप उपयुक्त स्थलों का चयन किया जाएगा। घरों के आसपास अथवा अनधिकृत स्थानों पर पटाखों की बिक्री की अनुमति नहीं होगी। सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों, अंचल अधिकारियों एवं नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में बिक्री स्थलों को चिह्नित कर प्रस्ताव उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
छठ महापर्व की तैयारियों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने जिले के प्रमुख छठ घाटों की साफ-सफाई, समतलीकरण, पहुंच पथों की मरम्मत और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था समय सीमा के भीतर पूरी करने को कहा। अनुमंडल पदाधिकारियों एवं नगर आयुक्त को घाटों का नियमित निरीक्षण कर तैयारियों की निगरानी करने का निर्देश दिया गया।
संवेदनशील घाटों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था
अधिक जलगहराई वाले, पूर्व में दुर्घटना हो चुके तथा दुर्घटना की आशंका वाले छठ घाटों को चिह्नित कर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी। ऐसे स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगाने के साथ पर्याप्त पुलिस बल, गोताखोर और CCTV कैमरे लगाए जाएंगे। पुलिस अधिकारियों को संवेदनशील घाटों का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
यातायात व्यवस्था को लेकर शहरी क्षेत्रों एवं भीड़भाड़ वाले मार्गों पर नो-एंट्री और रूट डायवर्जन की कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया। छठ घाटों तक जाने वाले रास्तों, मुख्य सड़कों और सर्विस रोड पर अनधिकृत दुकानों एवं अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया गया।
बैठक में पुलिस अधीक्षक मनोज सर्वांगियारी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर विधि-व्यवस्था बनाए रखने तथा प्रमुख छठ घाटों का निरीक्षण करने को कहा। उन्होंने मुख्य सड़क और सर्विस रोड पर अनावश्यक रूप से दुकानें संचालित नहीं होने देने तथा नगर निकायों के साथ समन्वय बनाकर अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया।
24 घंटे अलर्ट रहेंगे स्वास्थ्य केंद्र और आपातकालीन सेवाएं
पर्व के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी स्वास्थ्य केंद्रों को 24 घंटे सक्रिय रखने का निर्देश दिया गया। चिकित्सा पदाधिकारियों एवं मेडिकल टीम को अलर्ट मोड में रहने के साथ एंबुलेंस और अग्निशमन वाहनों को भी तैयार रखने को कहा गया।
उपायुक्त ने छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं से अपील की कि वे केवल जिला प्रशासन द्वारा चिह्नित और सुरक्षा व्यवस्था से युक्त घाटों पर ही पूजा-अर्चना करें। अधिक गहराई वाले जलाशयों, नदियों और असुरक्षित घाटों पर जाने से बचें। उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने जिलेवासियों को दीपावली और छठ महापर्व की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए दोनों पर्वों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की।
बैठक में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, परियोजना निदेशक ITDA उषा मुंडू, आदित्यपुर नगर आयुक्त एजाज अनवर, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, सिविल सर्जन डॉ. सरयू प्रसाद सिंह सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, थाना प्रभारी एवं पूजा समितियों के सदस्य उपस्थित थे।