गम्हरिया थाने में महिला से दुष्कर्म का आरोप, पुलिसकर्मी हिरासत में – JLKM ने थाना घेरा

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

 

पारिवारिक विवाद की शिकायत लेकर पहुंची थी महिला, थाने के भीतर दुर्व्यवहार और दुष्कर्म का लगाया आरोप – थाना प्रभारी को निलंबित करने की मांग

 

गम्हरिया, 31 अक्टूबर : सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना परिसर में एक महिला के साथ दुष्कर्म किए जाने का गंभीर आरोप सामने आया है। पारिवारिक विवाद की शिकायत लेकर थाना पहुंची महिला ने थाने में तैनात एक पुलिसकर्मी पर दुर्व्यवहार, लज्जा भंग करने और दुष्कर्म का आरोप लगाया है। शिकायत सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हलचल मच गई। वरीय अधिकारियों के निर्देश पर संदेही पुलिसकर्मी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को गम्हरिया थाना क्षेत्र की रहने वाली महिला पारिवारिक कलह की शिकायत लेकर थाने पहुंची थी। महिला का आरोप है कि इसी दौरान थाना परिसर के भीतर एक पुलिसकर्मी ने उसके साथ दुर्व्यवहार किया और दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए सरायकेला के एसडीपीओ अनुभव भारतद्वाज देर रात गम्हरिया थाना पहुंचे। उन्होंने थाना प्रभारी समेत संबंधित पुलिसकर्मियों से पूछताछ कर घटनाक्रम की जानकारी ली। इसके बाद मामले की जांच शुरू करते हुए संदेही पुलिसकर्मी को हिरासत में लिया गया।

एसडीपीओ अनुभव भारतद्वाज ने बताया कि महिला की ओर से लगाए गए आरोपों को गंभीरता से लिया गया है। संदेही पुलिसकर्मी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पीड़िता के बयान के आधार पर निष्पक्ष जांच कराई जा रही है। जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी।

थाने का घेराव कर JLKM ने की सख्त कार्रवाई की मांग

घटना की जानकारी मिलने के बाद JLKM के कार्यकर्ताओं ने गम्हरिया थाने का घेराव किया। कार्यकर्ताओं ने आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए फांसी की सजा देने की मांग उठाई। साथ ही थाना प्रभारी को तत्काल निलंबित करने की मांग की। कार्यकर्ताओं ने मामले में निष्पक्ष जांच और पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग करते हुए पुलिस प्रशासन के समक्ष अपना विरोध दर्ज कराया।

Share This Article