जनता दरबार में जमीन मापी से लेकर पेयजल और आवास की समस्याएं पहुंचीं, उपायुक्त ने दिए कार्रवाई के निर्देश

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

जनता दरबार में जमीन मापी से लेकर पेयजल और आवास की समस्याएं पहुंचीं, उपायुक्त ने दिए कार्रवाई के निर्देश

सरायकेला, 27 अक्टूबर : सरायकेला-खरसावां समाहरणालय में मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक जनता दरबार में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याओं को लेकर आवेदन सौंपे। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह ने आवेदनों पर संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने और मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

जनता दरबार में दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए कृत्रिम अंग केंद्र की स्थापना एवं संचालन के उद्देश्य से सरकारी परिसर और वित्तीय सहयोग उपलब्ध कराने की मांग उठी। इसके अलावा भूमि की मापी एवं सीमांकन, प्रधानमंत्री आवास योजना की लंबित किस्तों का भुगतान, पेयजल संकट, चिकित्सा सहायता तथा जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया को सुगम बनाने से संबंधित आवेदन भी प्राप्त हुए।

वहीं, राजकीय पशु प्रक्षेत्र, सरायकेला के तितिरबिला में पशुओं के रखरखाव एवं आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था का मामला भी सामने आया। इसके साथ ही खनन एवं पत्थर क्रशर संचालन से जुड़े मामलों पर भी आवेदन दिए गए।

आदित्यपुर स्थित आस्था आर्केड डुप्लेक्स परिसर में पार्किंग व्यवस्था के अनुपालन और आपसी समन्वय में आ रही बाधाओं से संबंधित शिकायतें भी जनता दरबार में पहुंचीं। उपायुक्त ने संबंधित विभागों को मामलों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा जरूरत के अनुसार आपसी समन्वय स्थापित कर समस्याओं का समाधान करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि जनता दरबार में प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए आवेदकों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए। साथ ही सभी संबंधित पदाधिकारी मामलों का निर्धारित समयसीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करें।

Share This Article