प्रमाण पत्रों के लंबित मामलों पर जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो सख्त, SDO को पत्र लिखकर त्वरित निष्पादन की मांग

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

e-Kalyan छात्रवृत्ति की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर, प्रमाण पत्रों के अभाव में हजारों गरीब विद्यार्थियों के वंचित होने की जताई आशंका

चांडिल, 27 अक्टूबर : चांडिल अनुमंडल में जाति, आय, आवासीय तथा जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्रों के लंबित मामलों को लेकर जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने गंभीरता दिखाई है। उन्होंने चांडिल के अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) को पत्र लिखकर अनुमंडल के सभी चार प्रखंड सह अंचल कार्यालयों में लंबित प्रमाण पत्रों का नियमानुसार त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने की मांग की है।

पत्र के माध्यम से उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं एवं आम जनता की ओर से ऑनलाइन और ऑफलाइन आवेदन किए जाने के बावजूद कई दिनों से प्रमाण पत्र लंबित हैं। इससे विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति के लिए आवेदन करने में परेशानी हो रही है, वहीं आम लोगों को भी विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

जिला परिषद उपाध्यक्ष ने विशेष रूप से ई-कल्याण छात्रवृत्ति के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर 2026 निर्धारित होने का उल्लेख करते हुए चिंता जताई कि समय पर प्रमाण पत्र जारी नहीं होने से हजारों गरीब और जरूरतमंद विद्यार्थी छात्रवृत्ति के लाभ से वंचित हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्रों के लंबित रहने से भी आम जनता को सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने में परेशानी हो रही है।

मधुश्री महतो ने कहा कि यह केवल प्रमाण पत्र जारी करने का मामला नहीं है, बल्कि हजारों गरीब विद्यार्थियों के भविष्य और आम जनता के हितों से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। उन्होंने छात्रहित एवं जनहित को ध्यान में रखते हुए लंबित आवेदनों पर तत्काल नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।

इस संबंध में उन्होंने पत्र की प्रतिलिपि सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त तथा चांडिल अनुमंडल के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं अंचल अधिकारियों को भी भेजी है, ताकि लंबित प्रमाण पत्रों के निष्पादन में तेजी लाई जा सके।

Share This Article