नशे के खिलाफ प्रशासन सख्त, 133 किलो गांजा और ब्राउन शुगर की 52 पुड़िया जब्त

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

जिले के 10 हॉटस्पॉट पर निगरानी और कार्रवाई तेज करने का निर्देश, नशे के अवैध कारोबार की सूचना 112 पर देने की अपील

जमशेदपुर, 26 अक्टूबर : पूर्वी सिंहभूम जिले में मादक पदार्थों की अवैध बिक्री, तस्करी और सेवन पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज करने की रणनीति बनाई है। सोमवार को समाहरणालय सभागार में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में जिला स्तरीय नार्कोटिक्स समन्वय समिति (एनसीओआरडी) की बैठक हुई। इसमें नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण, संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी और नशा मुक्ति के लिए चलाए जा रहे प्रयासों की समीक्षा की गई।

बैठक में बताया गया कि जिले में मादक पदार्थों से संबंधित अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए चिह्नित 10 हॉटस्पॉट पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। सितंबर माह में एनडीपीएस अधिनियम के तहत की गई कार्रवाई के दौरान 133 किलोग्राम गांजा और ब्राउन शुगर की 52 पुड़िया जब्त की गईं।

उपायुक्त राजीव रंजन ने संबंधित विभागों और पुलिस पदाधिकारियों को मादक पदार्थों की तस्करी तथा अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने चिह्नित हॉटस्पॉट समेत अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित निगरानी रखने और मामलों के अनुसंधान एवं कानूनी कार्रवाई में अनावश्यक देरी नहीं करने पर जोर दिया।

स्कूल-कॉलेजों में चलेगा नशा विरोधी जागरूकता अभियान

बैठक में नशे की रोकथाम के लिए जागरूकता अभियान को भी महत्वपूर्ण बताया गया। उपायुक्त ने शिक्षा विभाग और थाना स्तर पर विद्यालयों में चलाए जा रहे नशा विरोधी कार्यक्रमों को नियमित रूप से जारी रखने का निर्देश दिया। स्कूलों और कॉलेजों में विद्यार्थियों को नशे के स्वास्थ्य, सामाजिक और पारिवारिक दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया गया। साथ ही नशे की समस्या से प्रभावित लोगों के लिए उपचार, नशा मुक्ति और पुनर्वास सेवाओं को प्रभावी बनाने का निर्देश दिया गया।

नशे के कारोबार की सूचना 112 पर दें

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान में सहयोग करने की अपील की है। मादक पदार्थों की अवैध बिक्री, तस्करी, परिवहन या इससे जुड़ी गतिविधियों की जानकारी मिलने पर टोल फ्री नंबर 112 अथवा पुलिस कंट्रोल रूम के नंबर 0657-2431028 पर सूचना देने को कहा गया है। प्रशासन के अनुसार, सूचनादाता की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. ऐहतेशाम वकारिब, धालभूम के अनुमंडल पदाधिकारी अर्णव मिश्रा समेत स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे। प्रशासन ने पुलिस, संबंधित विभागों और आम नागरिकों के साझा प्रयासों से नशे के अवैध नेटवर्क पर अंकुश लगाने तथा युवाओं को नशे से दूर रखने पर जोर दिया।

Share This Article